CG BREAKING : Investigation into Raigarh linseed scam!
रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के प्रश्नकाल में आज रायगढ़ जिले में अलसी के बीज उत्पादन में गड़बड़ी का मुद्दा जोरदार तरीके से उठा। कांग्रेस विधायक उमेश पटेल ने यह मामला उठाते हुए सरकार से कई तीखे सवाल पूछे।
उमेश पटेल ने कहा कि रायगढ़ में किसानों को मानक बीज दिए गए थे और किसानों ने 186.50 क्विंटल बीज उत्पादन भी किया, लेकिन विभाग ने उसमें से 158.49 क्विंटल बीज को रिजेक्ट कर दिया। यानी करीब 85 प्रतिशत बीज को खारिज कर दिया गया। उन्होंने पूछा कि आखिर इतनी बड़ी मात्रा में बीज क्यों रिजेक्ट किया गया।
इस पर कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने जवाब देते हुए कहा कि अपेक्षित उत्पादन नहीं हो पाया। उन्होंने बताया कि कई किसानों ने देर से बोनी की थी और सभी किसानों को पर्याप्त प्रशिक्षण भी नहीं मिल पाया था।
इसके बाद उमेश पटेल ने सवाल किया कि अगर लापरवाही हुई है तो जिम्मेदार अधिकारियों पर क्या कार्रवाई होगी। मंत्री नेताम ने कहा कि यह गंभीर विषय है और पूरे मामले की जांच कराई जाएगी। जिन अधिकारियों की लापरवाही सामने आएगी, उनके खिलाफ कार्रवाई भी की जाएगी।
बहस के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी सवाल उठाया कि जब मामले में बीज निगम के एमडी का नाम सामने आ रहा है तो जांच किस स्तर के अधिकारी से कराई जाएगी। इस पर मंत्री ने कहा कि सक्षम अधिकारी से पूरी जांच कराई जाएगी।
वहीं नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने कहा कि चांपा क्षेत्र में अलसी के डंठल से कपड़े और जैकेट भी बनाए जाते हैं, जिनमें बड़ी संख्या में महिलाएं काम करती हैं। उन्होंने कहा कि किसानों को बेहतर बीज मिलना चाहिए ताकि उनका उत्पादन भी अच्छा हो सके।

