लखनऊ में कांग्रेस प्रदर्शन के दौरान बड़ी घटना, एक कार्यकर्ता की मौत, घटना की जानकारी मिलते ही हॉस्पिटल पहुंचे डिप्टी सीएम

Date:

लखनऊ। यूपी की राजधानी लखनऊ में कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान बड़ी घटना हुई है। प्रदर्शन में शामिल युवा कांग्रेस कार्यकर्ता प्रभात पांडेय की मौत हो गई है। कांग्रेस ने पुलिस की धक्कामुक्की और नोकझोंक को घटना का कारण बताया है। घटना की जानकारी मिलने पर यूपी के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक भी सिविल अस्पताल पहुंचे। मौत का कारण अभी पता नहीं चल सका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। इससे पहले पुलिस की धक्कामुक्की के कारण प्रदेश अध्यक्ष अजय राय भी बेहोश हो गए थे।

युवा कांग्रेसी की मौत पर कांग्रेस ने पुलिस के बल प्रयोग और नुकीले बैरिकेड्स को कारण बताया है। कांग्रेस ने कहा कि आज विधानसभा घेराव करने जा रहे कांग्रेसजनों को रोकने के लिए पुलिस द्वारा किये जा रहे धक्का-मुक्की व बल प्रयोग से गोरखपुर निवासी युवा कांग्रेस कार्यकर्ता प्रभात पाण्डेय की मौत हो गई है। इस घटना से पूरा कांग्रेस परिवार आहत और आक्रोशित है।

पूरा मामला

कांग्रेस ने जन सरोकार के मुद्दों पर योगी सरकार के विफल रहने का आरोप लगाते हुए लखनऊ में हजारों कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता बुधवार को विधानसभा को घेरने के इरादे से कार्यालय मुख्यालय पर एकत्र हुए थे। पुलिस के सख्त पहरे के चलते उनका अभियान पार्टी दफ्तर से चंद कदम दूर तक ही चल सका।इस दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ पुलिस की नोकझोंक होती रही। कई कार्यकर्ता और नेता पुलिस की बैरिकेडिंग पर चढ़ने के कारण चोटिल भी हुए। पुलिस से बहस और विवाद के बीच अजय राय भी एक बार बेहोश हुए। कार्यकर्ताओं ने पानी का छींटा मारा तब उन्हें होश आया।

इसी बीच गोरखपुर से आए युवा कांग्रेसी भी धक्कामुक्की और नोकझोंक के बीच बेसुध हो गए। तत्काल उन्हें सिविल अस्पताल लाया गया। यहां कुछ देर बाद ही उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। युवा कांग्रेसी की मौत की खबर मिलते ही कांग्रेसियों में हड़कंप मच गया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता अस्पताल पहुंच गए। यूपी के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक भी सिविल अस्पताल पहुंचे।

कांग्रेस ने कहा कि योगी सरकार की हत्यारी पुलिस ने कल रात से प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय के चारों ओर नुकीले बैरिकेड्स से किलेबन्दी कर रखी थी और आज उनकी बर्बरता ने हमारे एक कार्यकर्ता की जान ले ली। हम इस दुर्घटना को बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं करेंगे। अजय राय ने मंगलवार की रात ही नुकीली बैरिकेड्स पर ऊंगली उठाते हुए आरोप लगाया था कि यह कांग्रेस कार्यकर्ताओं की हत्या की साजिश है। इस बीच आज की घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि मुझे जैसे ही पता चला तत्काल अस्पताल के निदेशक को फोन करके कहा कि बच्चा पहुंच रहा है। उसके इलाज की व्यवस्था कीजिए। मैं खुद भी अस्पताल के लिए निकला। लेकिन यहां आने पर पता चला कि बच्चे की मौत हो गई है। उसका तत्काल पोस्टमार्टम कराने का इंतजाम किया जा रहा है।

 

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img
spot_imgspot_img

#Crime Updates

More like this
Related

RAIPUR : CSPDCL में रिश्वत VIDEO!

RAIPUR : Bribery video in CSPDCL! रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी...