AMIT SHAH ON RAHUL GANDHI: Now, Amit Shah has issued an open challenge to Rahul.
AMIT SHAH ON RAHUL GANDHI: हरियाणा के करनाल में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पदयात्रा के दौरान राहुल गांधी और कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी संसद की कार्यवाही बाधित करते हैं और देश के मुद्दों पर चर्चा नहीं होने देते।
शाह ने राहुल गांधी को चुनौती देते हुए कहा कि अगर उन्हें सड़क पर चर्चा करने का शौक है तो हरियाणा के किसी भी चौराहे की जगह तय कर लें। भाजपा युवा मोर्चा के अध्यक्ष वहां बहस करने पहुंच जाएंगे। उन्होंने कांग्रेस पर घुसपैठियों को बचाने का अभियान चलाने का आरोप भी लगाया।
अमित शाह ने तिरंगा लेकर पदयात्रा में हिस्सा लिया। इस दौरान मनोहर लाल खट्टर और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी मौजूद रहे। करनाल में कार्यक्रम के बाद शाह अंबाला पहुंचे, जहां उन्होंने करीब 600 करोड़ रुपये की लागत से बने शहीद स्मारक का लोकार्पण किया।
अमित शाह ने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा, “कहते हैं न कि बिल्ली को जब कोई रास्ता नहीं सूझता तो वह झपटकर खंभे को नोचने लगती है। राहुल जी, आप संसद चलने नहीं देते। मुद्दों पर चर्चा नहीं करते। संसद में शोर-शराबे को कांग्रेस ने अपना कल्चर बना दिया है। सड़क पर भीड़ इकट्ठा करके अराजकतावादी की तरह अराजकता फैलानी है।”
उन्होंने कहा कि देश की जनता को तय करना है कि देश की समस्याओं और जनता की भलाई के लिए बनाई जाने वाली योजनाओं पर चर्चा सड़क पर होनी चाहिए या संसद में।


