CG UNIVERSITY: HODs of several departments have been changed!
बिलासपुर: गुरु घासीदास सेंट्रल यूनिवर्सिटी में कई डिपार्टमेंट के विभागाध्यक्षों को बदला गया है और उनकी जगह पर अन्य प्राध्यापकों को विभागाध्यक्ष नियुक्त किया गया है.
पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के एचओडी डॉ. धीरज शुक्ला का विभागाध्यक्ष के रूप में कार्यकाल समाप्त हो गया था, किन्तु प्रशासनिक व्यवस्थाओं के सुचारु संचालन के लिए यूनिवर्सिटी प्रशासन द्वारा डॉ. शुक्ला को आगामी आदेश पर्यन्त पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग का विभागाध्यक्ष बने रहने का आदेश जारी किया है.
इसके अलावा हिस्ट्री, जुलाजी और इकानॉमिक्स डिपार्टमेंट में एचओडी बदले गए हैं. हिस्ट्री डिपार्टमेंट में प्रो. सीमा पाण्डेय एचओडी थी, किन्तु विभागाध्यक्षों की नियुक्ति एवं चक्रानुक्रम संबंधी अध्यादेश के प्रावधानों के अंतर्गत प्रो. सीमा पाण्डेय की जगह पर हिस्ट्री डिपार्टमेंट का एचओडी प्रो. घनश्याम दुबे को बनाया गया है.
इसी तरह प्राणी शास्त्र विभाग के एचओडी प्रो. सीमा राय को हटा दिया गया है और चक्रानुक्रम संबंधी अध्यादेश के प्रावधानों के अंतर्गत प्रो. सीमा राय की जगह पर प्राणी शास्त्र विभाग के प्रो. एलव्हीकेएस भास्कर को एचओडी नियुक्त किया गया है.
इसी तरह सेंट्रल यूनिवर्सिटी में इकानॉमिक्स विभाग के एचओडी बदले गए हैं. इकानॉमिक्स विभाग में एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. राजकुमार नागवंशी के जगह पर प्रोफेसर दिलीप कुमार झा को एचओडी नियुक्त किया गया है. इकानॉमिक्स विभाग के एचओडी के रूप में प्रो. दिलीप झा का कार्यकाल तीन वर्ष का होगा. गौरतलब है कि प्रो. झा कुछ माह पहले ही निलंबन से बहाल हुए है.
प्रो. झा पूर्व में एनएसएस के समन्वयक थे और उनके समन्वय में यूनिवर्सिटी के एनएसएस के विद्यार्थी बाहर शिविर में गए थे, जहां ईद के अवसर पर हिन्दू विद्यार्थियों को भी नमाज पढ़ने की प्रक्रिया कराया गया था. शिविर से वापस लौटकर आने के बाद एनएसएस के विद्यार्थियों ने इस मामले की शिकायत यूनिवर्सिटी प्रबंधन सहित पुलिस थाना में की थी.


