DELIMITATION BILL 2026 : Cabinet approves delimitation bill!
रायपुर डेस्क। परिसीमन और महिला आरक्षण को लेकर केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। मोदी कैबिनेट ने संविधान संशोधन विधेयक को मंजूरी दे दी है। प्रस्ताव के तहत लोकसभा की सीटों में 50% बढ़ोतरी की जाएगी, जबकि राज्यों के बीच सीटों के बंटवारे का मौजूदा अनुपात अगले 25 साल यानी 2051 तक स्थिर रखने की बात है।
सरकार के इस फैसले के बाद संसद के विशेष सत्र में बिल को लेकर बहस तेज होने के आसार हैं। बीजेपी अपने सांसदों को तीन लाइन का व्हिप जारी कर 30 नवंबर से 2 दिसंबर तक सदन में मौजूद रहने का निर्देश दे सकती है।
बिल को लेकर राजनीतिक दलों के बीच मतभेद भी सामने आने लगे हैं। राजद सांसद डॉ. सुरेंद्र प्रसाद यादव ने परिसीमन का समर्थन करते हुए कहा कि बढ़ती आबादी के हिसाब से परिसीमन जरूरी है और इससे जनता तथा जनप्रतिनिधियों दोनों को फायदा होगा।
वहीं आम आदमी पार्टी सांसद संजय सिंह ने बिल का विरोध किया है। उन्होंने DMK से समर्थन नहीं देने की अपील करते हुए इसे बीजेपी को फायदा पहुंचाने वाला बिल बताया।
संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने सभी सांसदों से संसद में सार्थक चर्चा करने की अपील की है। शिवसेना ने भी अपने सांसदों के लिए व्हिप जारी किया है।
अब विशेष सत्र में इस बिल पर क्या रुख अपनाते हैं राजनीतिक दल, इस पर सबकी नजरें टिकी हैं।


