CHHATTISGARH : Death of medical student creates stir
भिलाई। स्मृति नगर क्षेत्र से मेडिकल कॉलेज के एक छात्र की मौत का दुखद मामला सामने आया है। चंदूलाल चंद्राकर मेडिकल कॉलेज में MBBS थर्ड ईयर के छात्र अभिजीत देवांगन की मौत के बाद कॉलेज परिसर और आसपास के इलाके में शोक का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक, अभिजीत स्मृति नगर में किराए के PG में रह रहा था। काफी देर तक कमरे से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर लोगों को संदेह हुआ। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की और छात्र को मृत पाया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अभिजीत पढ़ाई को लेकर तनाव में था। बताया जा रहा है कि परीक्षा में दो विषयों में बैक आने के बाद से वह परेशान चल रहा था। उसने करीब 10 दिन पहले ही स्मृति नगर क्षेत्र में PG कमरा लिया था।
पुलिस को कमरे से एक नोट भी मिला है, जिसे जांच में शामिल किया गया है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस परिजनों और छात्र के साथियों से पूछताछ कर घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
घटना ने मेडिकल कॉलेज के छात्रों और स्थानीय लोगों को झकझोर दिया है। पढ़ाई और परीक्षा के दबाव के बीच छात्रों की मानसिक स्थिति को लेकर एक बार फिर चिंता सामने आई है।


