DELIMITATION BILL 2026 : Support of 3 parties on Delimitation Bill?
रायपुर डेस्क। परिसीमन बिल को लेकर सरकार ने बड़ा फॉर्मूला तैयार किया है। प्रस्ताव के मुताबिक, सभी राज्यों में लोकसभा सीटों की संख्या मौजूदा सीटों से 50% बढ़ाई जाएगी। यानी राज्यों के बीच सीटों का अनुपात पहले जैसा रहेगा, लेकिन संसद में कुल सांसदों की संख्या बढ़ जाएगी।
इस फॉर्मूले से दक्षिणी राज्यों की उस चिंता को दूर करने की कोशिश है, जिसमें आबादी के आधार पर परिसीमन होने पर उत्तर भारत के राज्यों का प्रतिनिधित्व ज्यादा बढ़ने की आशंका जताई जा रही थी।
सरकार 30 नवंबर से शुरू होने वाले संसद के विशेष सत्र में विधेयक पास कराने के लिए समर्थन जुटा रही है। DMK, NCP (शरदचंद्र पवार) और YSRCP से सशर्त समर्थन मिलने की उम्मीद है।
प्रस्ताव के तहत लोकसभा की सीटें 543 से बढ़कर 815 हो सकती हैं। हिंदी भाषी राज्यों में सीटें 207 से 311 और दक्षिण भारत में 132 से 198 होने का अनुमान है।
हालांकि, विधेयक पास कराने के लिए सरकार को दोनों सदनों में दो-तिहाई बहुमत चाहिए। विपक्ष महिला आरक्षण का समर्थन करते हुए परिसीमन और सीटों के विस्तार की प्रक्रिया पर सवाल उठा रहा है।
अब देखना होगा कि सरकार अपने नंबर गेम में सफल होती है या परिसीमन बिल पर विपक्ष की शर्तें भारी पड़ती हैं।


