DELIMITATION BILL : Delimitation Bill gets a new partner!
रायपुर। परिसीमन बिल को लेकर महाराष्ट्र की राजनीति से बड़ा अपडेट सामने आया है। NCP (शरदचंद्र पवार) गुट ने केंद्र सरकार के प्रस्तावित परिसीमन बिल का समर्थन करने का ऐलान किया है। पार्टी के वरिष्ठ नेता जितेंद्र आव्हाड ने शुक्रवार को मुंबई में शरद पवार से मुलाकात के बाद पार्टी का रुख स्पष्ट किया।
NCP (SP) के लोकसभा में 8 सांसद हैं। ऐसे में पार्टी का समर्थन सरकार के लिए अहम माना जा रहा है। पिछले अप्रैल में परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक पर लोकसभा में 298 वोट समर्थन और 230 वोट विरोध में पड़े थे। जरूरी दो-तिहाई बहुमत नहीं मिलने से बिल पारित नहीं हो सका था।
अगर पिछली बार के समर्थन में NCP (SP) के आठ सांसदों के वोट जोड़ दिए जाएं तो संख्या 306 तक पहुंच सकती है। हालांकि, यह केवल अनुमान है और इस बार सदन में मौजूद सांसदों की संख्या व अन्य दलों का रुख भी नतीजे को प्रभावित करेगा।
राज्यसभा में भी सरकार को विशेष बहुमत जुटाना होगा। वहीं सुप्रिया सुले पहले सभी राज्यों में लोकसभा सीटों की समान रूप से 50% वृद्धि और परिसीमन आयोग में विपक्ष को प्रतिनिधित्व देने की मांग उठा चुकी हैं।
NCP (SP) विपक्षी INDIA गठबंधन का हिस्सा है। ऐसे में पार्टी का समर्थन विपक्ष की साझा रणनीति को प्रभावित कर सकता है। अब नजर इस बात पर है कि समर्थन बिना शर्त है या पार्टी की मांगें भी इसके साथ जुड़ी हैं।



