CONGRESS ELECTION PREPARATION : Big meeting of Congress before the elections!
रायपुर। नगरीय निकाय चुनाव की तैयारियों को लेकर कांग्रेस ने दुर्ग जिले में अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। प्रदेश कांग्रेस प्रभारी सुखदेव भगत ने शुक्रवार को भिलाई-चरौदा, भिलाई और रिसाली नगर निगम क्षेत्रों में संगठन की बैठक लेकर चुनावी तैयारियों की समीक्षा की।
दौरे की शुरुआत पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निवास से हुई। प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत सहित वरिष्ठ नेता भूपेश बघेल के घर पहुंचे। यहां बघेल दंपति ने उनका स्वागत किया। इसके बाद सभी नेताओं ने साथ बैठकर लंच किया। इस दौरान पूर्व मंत्री ताम्रध्वज साहू, अनिला भेड़िया, विधायक संदीप साहू, अटल श्रीवास्तव सहित कई नेता मौजूद रहे।
इसके बाद भिलाई-चरौदा नगर निगम क्षेत्र में चुनावी तैयारियों की समीक्षा हुई। दुर्ग ग्रामीण जिला कांग्रेस अध्यक्ष राकेश सिंह ठाकुर ने बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की बैठक होने की जानकारी दी। भगत ने तैयारियों पर संतोष जताया।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार के खिलाफ माहौल है और कांग्रेस को इसका फायदा उठाने के लिए पूरी मुस्तैदी से चुनाव मैदान में उतरना होगा। भूपेश बघेल ने भी पदाधिकारियों को संबोधित किया।
इसके बाद भिलाई और रिसाली निगम क्षेत्रों में बैठक कर संगठन को सक्रियता से चुनाव की तैयारी करने के निर्देश दिए गए।


