
रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ,नए कार्यदायित्व के बाद पहली बार छत्तीसगढ़ आ रहे हैं और उनका ऐतिहासिक स्वागत करने के लिए पुरजोर तैयारी भाजपा कार्यकर्ताओं ने की है। प्रदेश अध्यक्ष अरूण साव ने तैयारी के संदर्भ में जानकारी देते हुए बताया कि 9 सितंबर को विमानतल से लेकर शहर आगमन तक की रूपरेखा तय कर ली गई है। चूंकि जगत प्रकाश नड्डा छत्तीसगढ़ के लंबे समय तक प्रभारी रहे हैं और हम सभी कार्यकर्ताओं को उनके साथ काम करने व बहुत कुछ सीखने का अवसर भी प्राप्त हुआ हैं। छत्तीसगढ़ के एक-एक कार्यकर्ता के साथ आत्मीय जुड़ाव रहा हैं और वे प्राय: सभी कार्यकर्ताओं से परिचित हैं।भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के बनने के बाद छत्तीसगढ़ में प्रथम बार आगमन हो रहा हैं और यह हम सभी के लिए गर्व का विषय हैं।
तय कार्यक्रम है-
1.श्री जगत प्रकाश नड्डा का आगमन 9 सितंबर की सुबह 11बजे स्वामी विवेकानंद विमानतल रायपुर में होगा।
2. स्वामी विवेकानंद(माना) विमानतल पर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता व नेता गण राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा का भव्य आत्मीय व परंपरागत अंदाज में स्वागत करेंगे।
3. भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ता अलग अंदाज में राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत करेंगे व मोटरसाइकिल रैली के माध्यम से काफिले की अगुवाई करेंगे और माना विमानतल से पं. दीनदयाल उपाध्याय चौक तेलीबांधा पहुंचेंगे।
4. पं. दीनदयाल उपाध्याय चौक तेलीबांधा से राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा का काफिला भव्य रोड शो के रूप में प्रस्थान करेगा जहां रास्ते भर भाजपा कार्यकर्ता उनका स्वागत करेंगे। रोड शो के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा का छत्तीसगढ़ की परंपरा के अनुरूप परंपरागत अंदाज में आत्मीय स्वागत करेंगे, पुष्प वर्षा, ढोल नगाड़े, शंखनाद से स्वागत के साथ रोड शो भाजपा जिला कार्यालय एकात्म परिसर में सम्पन्न होगा और पश्चात एकात्म परिसर से साइंस कॉलेज मैदान कार्यकर्ता सम्मेलन के लिए रवाना होंगे, जहां हजारों की संख्या में उपस्थित भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।
5. कार्यकर्ता सम्मेलन के उपरांत राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा प्रदेश भाजपा कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर प्रस्थान करेंगे। भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा भाजपा प्रदेश कार्यालय में भाजपा कोर ग्रुप, प्रदेश पदाधिकारियों, विधायक व सांसदों की बैठक लेंगे।