CG POLITICS: Former minister Mohammad Akbar demands an investigation into SIR!
CG POLITICS: पूर्व मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता मोहम्मद अकबर ने प्रदेश की मतदाता सूची में लगभग 25 लाख मतदाताओं के नाम कम होने और फॉर्म-7 के जरिए मतदाताओं के नाम काटे जाने की पूरी प्रक्रिया की जांच की मांग की है।
दस्तावेजों के आधार पर जारी बयान में मोहम्मद अकबर ने कहा कि वर्ष 2023 से अब तक प्रदेश की आबादी बढ़ी है, लेकिन मतदाताओं की संख्या में 24 लाख 99 हजार की कमी आई है। भारत निर्वाचन आयोग को इस मामले में स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।
पूर्व मंत्री ने कहा कि प्रदेश के 33 जिलों में 1 लाख 8 हजार 807 मतदाताओं के नाम काटे गए हैं। इनमें रायपुर में 31,028, कोरबा में 15,187, कबीरधाम में 2,234, बालोद में 3,903, बलौदाबाजार-भाटापारा में 2,662 और दुर्ग में 7,209 मतदाताओं के नाम शामिल हैं।
उन्होंने निर्वाचन आयोग से सवाल किया कि इनमें से कितने मतदाताओं के नाम फॉर्म-7 के आधार पर काटे गए हैं? क्या आपत्ति दर्ज कराने वाले आवेदकों के बयान लिए गए हैं? क्या जिन मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए, उन्हें सुनवाई का अवसर दिया गया? कितने मामलों में शिकायतें झूठी पाई गईं और कितने मामलों में आपत्तिकर्ता फर्जी पाए गए?
मोहम्मद अकबर ने कहा कि निर्वाचन आयोग को इन सभी सवालों का जवाब देना चाहिए। साथ ही यह भी स्पष्ट करना चाहिए कि वर्ष 2023 से अब तक प्रदेश की आबादी बढ़ने के बावजूद मतदाताओं की संख्या में 24 लाख 99 हजार की कमी कैसे आ गई?
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस और भाजपा के बीच जीत-हार का अंतर 6 लाख 32 हजार वोटों का है, जबकि इससे लगभग चार गुना अधिक मतदाता कम हो गए हैं। यह आश्चर्यजनक है और इसकी जांच होनी चाहिए।
