RAMAYANA SONG CONTROVERSY : What did the song reveal about “Mangal Rang”?
रायपुर। रणबीर कपूर और साई पल्लवी की फिल्म ‘रामायण’ का नया गाना ‘मंगल रंग’ रिलीज होते ही विवादों में आ गया है। एआर रहमान के संगीत से सजे इस गाने को अरिजीत सिंह और श्रेया घोषाल ने आवाज दी है। लेकिन गाने की धुन और शादी के एक दृश्य को लेकर सोशल मीडिया पर सवाल उठ रहे हैं।
सूफी बीट्स पर उठे सवाल
गाने में कव्वाली और सूफी अंदाज की बीट्स सुनाई देने पर कुछ यूजर्स ने नाराजगी जताई। उनका कहना है कि भगवान राम और माता सीता की कथा पर आधारित फिल्म में पारंपरिक भारतीय संगीत को प्राथमिकता मिलनी चाहिए थी। हालांकि, यह सोशल मीडिया यूजर्स की प्रतिक्रिया है।
हल्दी नहीं, चुमावन रस्म का दावा
गाने के एक दृश्य में भगवान राम बने रणबीर कपूर को महिलाएं टीका लगाती दिखाई देती हैं, जबकि माता सीता बनी साई पल्लवी पीछे खड़ी हैं। इस दृश्य को कई लोगों ने हल्दी की रस्म समझ लिया और मेकर्स पर परंपरा गलत दिखाने का आरोप लगाया।
हालांकि, उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, यह हल्दी नहीं बल्कि मिथिला क्षेत्र में विवाह के दौरान निभाई जाने वाली चुमावन रस्म है। इसमें सुहागिन महिलाएं दूब, अक्षत, हल्दी और दही से वर को आशीर्वाद देती हैं। वधू के लिए भी यह रस्म अलग से निभाई जाती है।
विवाह की कहानी दिखाता है गाना
‘मंगल रंग’ में सीता स्वयंवर, शिव धनुष उठाने, विवाह के वचनों और अयोध्या में नवदंपती के स्वागत जैसे दृश्य दिखाए गए हैं। गाने को लेकर विवाद के बीच अब चर्चा इस बात पर है कि दर्शक इसे किस तरह स्वीकार करते हैं।
