संघ की बैठक का दूसरा दिन: संघ की छह गतिविधियों पर पूरा जोर, समरसता, कुटुंब प्रबोधन, ग्राम विकास, गोसेवा, धर्म जागरण और पर्यावरण शामिल

Date:

रायपुर: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की अखिल भारतीय समन्वय बैठक- 2022 दूसरे दिन सुबह से चल रही है। संघ के सरसंघचालक डा. मोहन भागवत और सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले के नेतृत्व में संघ के प्रेरित और 36 अनुषांगिक संगठनों के प्रमुख अखिल भारतीय पदाधिकारियों से संघ की प्रमुख छह गतिविधियों पर चर्चा हो रही है। संघ की छह गतिविधियों में सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन, ग्राम विकास, गोसेवा, धर्म जागरण और पर्यावरण शामिल हैं।

संघ सूत्रों की मानें तो अपनी प्रमुख गतिविधियों में शामिल सामाजिक समरसता को लेकर संघ की बैठक में चर्चा हुई है। सामाजिक समरसता भारतीय संस्कृति के मूल में है। समाज में हाशिये पर खड़े वंचित समुदाय से लेकर अगली पंक्ति में खड़े लोगों से समान रूप से अधिकार मिले इसे लेकर संघ में रणनीति बनाई जा रही है। संघ के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर ने पत्रकारों से बातचीत में पहले ही दिन बताया था कि संघ की यह बैठक समाज में कुटुंब प्रबोधन, ग्राम विकास, गोसंरक्षण और सामाजिक समरसता जैसी गतिविधियों पर अधिक ध्यान देने वाली होगी। साथ ही संघ के शताब्दी वर्ष पर पूरा ध्यान रहेगा। संघ के पूर्व प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार सोमवार को समन्वय बैठक का समापन होगा।

सूत्रों की मानें तो संघ ने ग्राम विकास के तहत अपने शताब्दी वर्ष 2025 तक ग्रामीण स्तर पर विकास व कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से संघ की गतिविधियों को अधिक मजबूत करने पर चर्चा की है। देश की सभी राज्यों में पंचायत स्तर से लेकर नगर पंचायत, नगरों व महानगरों और प्रांत स्तर पर सभी गांव व शहरी बस्तियों तक अपने कामों को पहुंचाने के लिए कार्ययोजना बनाई है। अधिक से अधिक राष्ट्रीय स्वयं सेवकों को जोड़ने और शाखाओं के विस्तार को लेकर चिंतन-मनन चल रहा है।

इसी तरह कुटुंब प्रबोधन जो कि संघ का भारतीय संस्कृति व संस्कार से जुड़ा कार्यक्रम है। संघ के स्वयं सेवक यह मानते हैं कि कुटुंब प्रबोधन (परिवारिक जागरण) के बिना सामाजिक एकता संभव नहीं है। आज के सामाजिक परिदृश्य में कई परिवारों में ही ऐसी स्थिति देखने को मिलती है कि किसी को किसी के लिए समय नहीं है। खासकर कोरोना काल में शारीरिक दूरी की बजाय लोगों के बीच सामाजिक दूरी भी बनती दिखी जो कि एक चिंता का विषय है। ऐसे में समाजहित में सोचना लोगों के लिए और भी मुश्किल हो गया है। इसलिए समन्वयक बैठक में सबसे बड़ी जरूरत कुटुंब प्रबोधन को लेकर भी चर्चा हो रही है।

दोपहर 12 बजे के बाद अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर पत्रकारों से बातचीत करेंगे। गौरतलब है कि संघ के सरसंघचालक डा. मोहन भागवत छह सितंबर से लगातार रायपुर में श्री जैनम मानस भवन में बैठक ले रहे हैं। छह, सात और नौ सितंबर तक संघ के अखिल भारतीय कार्यकारिणी की बैठक रखी गई थी। इसके बाद 10 सितंबर से यहां अखिल भारतीय समन्वय बैठक चल रही है।

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img
spot_imgspot_img

#Crime Updates

More like this
Related