बाघिन ‘बिजली’ की मौत पर सियासत : नेता प्रतिपक्ष महंत ने राज्यपाल को लिखा पत्र, की ये मांग

Date:

- Advertisement -
RADA Auto Expo Portal

रायपुर। नवा रायपुर स्थित जंगल सफारी में हाल ही में एक बाघिन ‘बिजली’ की मौत के बाद मामला अब राजनीतिक रंग लेने लगा है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने इस घटना को लेकर राज्यपाल को पत्र लिखा है। उन्होंने जंगल सफारी के उच्च अधिकारियों और चिकित्सकों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कठोर कार्रवाई की मांग की है।

महंत ने अपने पत्र में लिखा है कि एशिया के सबसे बड़े मानव निर्मित जंगल सफारी में वन्यजीवों की देखभाल और इलाज की व्यवस्था पूरी तरह अव्यवस्थित है। उन्होंने कहा कि सही समय पर उचित इलाज न मिलने के कारण युवा बाघिन “बिजली” की अकाल मृत्यु हो गई, जो प्रदेश के लिए एक अपूर्णनीय क्षति है।

गर्भवती थी बाघिन, शावकों की भी हुई मौत
महंत ने अपने पत्र में लिखा कि बाघिन “बिजली” ने फरवरी 2025 में दो शावकों को जन्म दिया था, जिनमें से एक मृत पैदा हुआ और दूसरा शावक भी कुछ दिनों बाद अस्वस्थ होकर मर गया। गर्भवस्था के दौरान ही बाघिन की तबीयत खराब रहने लगी थी, लेकिन मुख्य वाइल्डलाइफ वार्डन और जंगल सफारी के संचालक की उपेक्षा और अनुभवहीन चिकित्सकों के कारण उसका इलाज सही तरीके से नहीं हो सका।

उन्होंने आरोप लगाया कि जब बाघिन की हालत बिगड़ती चली गई और उसने खाना-पीना तक छोड़ दिया, तब जाकर उसे इलाज के लिए गुजरात के जामनगर स्थित वनतारा रिसर्च इंस्टिट्यूट भेजा गया। लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी, और वहां इलाज के दौरान बाघिन की मौत हो गई।

“डॉक्टर बीमारी पहचान ही नहीं पाए” — वनतारा संस्थान का खुलासा
महंत ने अपने पत्र में आगे लिखा कि वनतारा रिसर्च इंस्टिट्यूट के डॉक्टरों ने स्पष्ट किया कि जंगल सफारी के डॉक्टर बाघिन की बीमारी को पहचान ही नहीं पाए और गलत इलाज करते रहे। उन्होंने कहा कि अगर समय रहते बाघिन को वनतारा भेज दिया जाता, तो शायद उसकी जान बचाई जा सकती थी।

जंगल सफारी के डॉक्टरों ने यह भी माना कि सफारी में सोनोग्राफी मशीन होने के बावजूद उसे चलाने वाला तकनीशियन मौजूद नहीं था। जिसके कारण बाघिन की जांच नहीं हो सकी और बीमारी का सही कारण समय पर पता नहीं चल पाया।

महंत बोले — भाजपा सरकार में वन विभाग पूरी तरह विफल
कांग्रेस नेता ने कहा कि जब से प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनी है, तब से जंगल सफारी में कई लुप्तप्राय वन्यजीवों की अकाल मृत्यु हो चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि वन विभाग कुप्रबंधन दूर करने में पूरी तरह नाकाम रहा है और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही।

महंत ने दावा किया कि जंगल सफारी में वन्यजीवों की देखभाल के लिए 20 पशु चिकित्सक पद स्वीकृत हैं, लेकिन इनमें से 18 पद लंबे समय से रिक्त हैं। उन्होंने कहा कि विधानसभा में इस मुद्दे को कई बार उठाया गया, लेकिन नतीजा कुछ नहीं निकला।

मुख्य वाइल्डलाइफ वार्डन, डायरेक्टर और डॉक्टर पर कार्रवाई की मांग
महंत ने राज्यपाल से आग्रह किया है कि बाघिन की मौत के लिए जिम्मेदार मुख्य वाइल्डलाइफ वार्डन, जंगल सफारी के डायरेक्टर और संबंधित चिकित्सक तीनों पर तत्काल कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि इन अधिकारियों को या तो निलंबित किया जाए या कार्य से पृथक किया जाए, ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके। साथ ही उन्होंने यह भी मांग की कि जंगल सफारी में व्याप्त कुप्रबंधन को सुधारने और रिक्त पशु चिकित्सक पदों की भर्ती जल्द से जल्द करने के लिए वन विभाग को निर्देशित किया जाए।

- Advertisement -
RADA Auto Expo Portal

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img
spot_imgspot_img

#Crime Updates

More like this
Related