CG News: Neither by the Bible nor by the Quran—India will be governed by the Constitution.
रायपुर। रायपुर के शहीद स्मारक भवन में स्वतंत्रता सेनानी, समाज सुधारक एवं प्रखर अधिवक्ता स्व. कमलनारायण शर्मा की पुण्य स्मृति में आयोजित वार्षिक व्याख्यान एवं सम्मान समारोह का आयोजन संपन्न हुआ।
इस कार्यक्रम का विषय सुरक्षित भारत – चुनौतियाँ एवं समाधान रखा गया था ।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता एवं सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता अश्विनी उपाध्याय ने कहा कि वर्तमान समय में धर्मान्तरण और घुसपैठ देश की आंतरिक सुरक्षा के लिए सबसे बड़ी चुनौती हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा, ना बाइबिल से, न कुरान से, भारत चलेगा संविधान से।
उन्होंने कहा कि कानून के शासन और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा ही देश की एकता को मजबूत कर सकती है। उन्होंने भ्रष्टाचार को सुरक्षा व्यवस्था की सबसे बड़ी बाधा बताते हुए इसे खत्म करने के लिए ठोस नीतियों और जनसहभागिता पर बल दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग के अध्यक्ष प्रभात मिश्र ने की। विशिष्ट अतिथियों में छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश दीपक तिवारी , अनुराग पांडेय एवं स्व. कमलनारायण शर्मा की पुत्री सविता पाठक भी उपस्थित रहीं।
समारोह में 11 स्वतंत्रता संग्राम सेनानी परिवारों को सम्मानित किया गया, जिनमें स्व. मोतीलाल त्रिपाठी, स्व. नारायणदास राठौर, स्व. वल्लभदास गुप्ता, स्व. सरदार सुंदर सिंह, स्व. जगन्नाथराव नायडू, स्व. पारसराम सोनी, स्व. छेदीलाल दुबे, स्व. कुंजलाल मिश्रा एवं अन्य के वंशज शामिल रहे।
विधि सेवा के क्षेत्र मेंअधिवक्ता विनोद प्रधान, बृजेशनाथ पांडेय एवं रूपाली शर्मा तथा पत्रकारिता में वरिष्ठ पत्रकार प्रशांत शर्मा एवं रामअवतार तिवारी को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुति ने उपस्थित दर्शकों को भावुक कर दिया।
इस अवसर पर संस्था प्रमुख सुषमा तिवारी, संरक्षक अजय शर्मा, सचिव ममता शर्मा सहित बड़ी संख्या में नागरिक, अधिवक्ता, शिक्षक, छात्र, बुद्धिजीवी एवं पत्रकारगण उपस्थित रहे।
