CG CRIME: Rs 39.33 lakh swindled under the pretext of a data entry job
CG CRIME: छत्तीसगढ़ के भिलाई के थाना सुपेला की चौकी स्मृतिनगर में ऑनलाइन डाटा एंट्री जॉब के नाम पर एक व्यक्ति से 39.33 लाख रुपए की बड़ी धोखाधड़ी का मामला सामने आया है।
पुलिस ने ठगी के मामले में कार्रवाई करते हुए उत्तराखंड के हल्द्वानी से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
भिलाई के नेहरू नगर निवासी 57 वर्षीय राजेश कुमार चौरसिया ने 2 जुलाई 2026 को इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई थी।
एएसपी शोभराज अग्रवाल ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि ठगों ने ‘इंडिया मार्ट’ के जरिए संपर्क किया और नोएडा की ‘ग्रीन रेस प्राइवेट लिमिटेड’ कंपनी में डाटा एंट्री का काम दिलाने का झांसा दिया। एग्रीमेंट होने के बाद जब पीड़ित ने काम शुरू किया, तो आरोपियों ने डाटा करप्ट होने का बहाना बनाया। इसके बाद डाटा रिकवर करने और सॉफ्टवेयर टूल्स खरीदने के नाम पर अलग-अलग बैंक खातों में पैसे जमा करवाए गए, जिसके जरिए पीड़ित के IDFC बैंक खाते से कुल 39.33 लाख रुपए ठग लिए गए।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को समझते हुए बैंक खातों और मोबाइल नंबरों की तकनीकी जांच शुरू की, जिससे आरोपियों की लोकेशन नैनीताल में मिली।
पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए राम निवास और राहुल बिष्ट को गिरफ्तार कर लिया तथा उनके पास से दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया है। इस मामले में पुलिस ने बीएनएस (BNS) की धारा 318(4) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया है।
