CHHATTISGARH : If two exams clash in April, students’ difficulties will increase!
रायपुर। छत्तीसगढ़ में 12वीं बोर्ड परीक्षा और JEE Main 2027 सेशन-2 की संभावित तारीखों के बीच टकराव की आशंका ने विद्यार्थियों की चिंता बढ़ा दी है। दोनों परीक्षाएं अप्रैल के पहले सप्ताह में होने की संभावना है। अगर कार्यक्रम में बदलाव नहीं हुआ तो इंजीनियरिंग की तैयारी कर रहे छात्रों को एक ही दिन दो महत्वपूर्ण परीक्षाओं का सामना करना पड़ सकता है।
प्रस्तावित कार्यक्रम के मुताबिक, JEE Main सेशन-2 की परीक्षा 2 से 7 अप्रैल 2027 के बीच हो सकती है। वहीं, छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की 12वीं बोर्ड परीक्षा 12 मार्च से 8 अप्रैल तक निर्धारित बताई जा रही है।
संभावित शेड्यूल के अनुसार, 3 अप्रैल को JEE Main के साथ बोर्ड परीक्षा का पेपर भी पड़ सकता है। इसके अलावा 5 अप्रैल को भौतिकी, 6 अप्रैल को कुछ व्यावसायिक विषयों और 7 अप्रैल को क्षेत्रीय भाषाओं की परीक्षा होने की जानकारी सामने आई है।
ऐसे में जिन विद्यार्थियों की दोनों परीक्षाएं एक ही दिन होंगी, उनके सामने असमंजस की स्थिति बन सकती है। बोर्ड परीक्षा के अंक और इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा, दोनों ही उनके भविष्य के लिहाज से अहम हैं।
इसी को देखते हुए विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) और छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल से शेड्यूल पर दोबारा विचार करने की मांग की है। छात्रों का कहना है कि दोनों परीक्षाओं के बीच पर्याप्त अंतर रखा जाए, ताकि किसी को भी एक परीक्षा छोड़ने की नौबत न आए।
फिलहाल तारीखों में बदलाव को लेकर कोई आधिकारिक फैसला सामने नहीं आया है।


