CG Central Jail: Female Inmate Attempts Suicide at Central Jail!
CG Central Jail : राजधानी रायपुर के केंद्रीय जेल में महिला प्रकोष्ठ में बंद एक महिला कैदी द्वारा आत्महत्या का प्रयास किए जाने की घटना ने हड़कंप मचा दिया है। यह घटना करीब पांच दिन पहले की है, लेकिन इसकी जानकारी अभी सामने आई है।
महिला कैदी ने प्रताड़ना और अपमान से आहत होकर यह कदम उठाया। घटना के बाद परिजनों में भारी आक्रोश है और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग तेज हो गई है।
महिला कैदी आशिमा राव, जो पिछले करीब छह महीनों से रायपुर केंद्रीय जेल में बंद है, ने अपने हाथ की कलाई काटने के साथ-साथ गला काटने की भी कोशिश की।
गंभीर हालत में उसे तत्काल उपचार के लिए ले जाया गया, जहां उसे आठ टांके लगाए गए।
महिला कैदी ने अपने परिजनों को एक चिट्ठी लिखकर बताया कि उसके साथ अभद्र व्यवहार किया गया, निजी अंगों को छुआ गया और अन्य कैदियों के सामने उसे अपमानित किया गया।
सबसे गंभीर बात यह बताई जा रही है कि यह कथित कृत्य एक महिला अधिकारी द्वारा किया गया
बताया जा रहा है कि, इसी मानसिक प्रताड़ना और अपमान से परेशान होकर महिला ने आत्महत्या जैसा कदम उठाने की कोशिश की।
घटना की जानकारी सामने आते ही शुक्रवार को परिजन बड़ी संख्या में केंद्रीय जेल के बाहर पहुंचे और विरोध जताते हुए न्याय की मांग की।
इस घटना ने एक बार फिर रायपुर केंद्रीय जेल की सुरक्षा व्यवस्था, महिला कैदियों के सम्मान और जेल प्रशासन के रवैये पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

