MISSION TAMILNADU : Mission Tamil Nadu intensifies, Piyush Goyal becomes BJP’s election in-charge
चेन्नई। तमिलनाडु में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। नए कार्यकारी अध्यक्ष के ऐलान के बाद पार्टी ने ‘मिशन तमिलनाडु’ को रफ्तार देते हुए केंद्रीय मंत्री और मुंबई से सांसद पीयूष गोयल को तमिलनाडु का चुनाव प्रभारी नियुक्त किया है। पार्टी ने आधिकारिक बयान जारी कर इसकी जानकारी दी है।
बीजेपी ने अर्जुन राम मेघवाल और मुरलीधर मोहोल को सह-प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी है। साफ है कि पार्टी दक्षिण के इस अहम राज्य में चुनाव को लेकर कोई ढिलाई नहीं बरतना चाहती।
AIADMK के साथ चुनाव, DMK से मुकाबला
तमिलनाडु में बीजेपी ने एआईएडीएमके की अगुवाई में चुनाव लड़ने का फैसला किया है। राज्य में फिलहाल डीएमके की सरकार है। वहीं, नई नवेली पार्टी टीवीके ने अकेले चुनाव लड़ने का ऐलान किया है और एक्टर विजय को मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित किया है, जिससे मुकाबला और दिलचस्प हो गया है।
तीन केंद्रीय मंत्रियों को अहम जिम्मेदारी
बीजेपी ने चुनावी रणनीति को मजबूत करने के लिए तीन केंद्रीय मंत्रियों को अलग-अलग राज्यों की जिम्मेदारी दी है। पीयूष गोयल को तमिलनाडु का प्रभारी बनाया गया है। इससे पहले वे उत्तर प्रदेश में प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। वहीं, बीजेडी से आए वरिष्ठ नेता बैजयंत पांडा को असम का प्रभारी नियुक्त किया गया है।
तमिलनाडु का सियासी गणित
तमिलनाडु में कुल 234 विधानसभा सीटें हैं और सरकार बनाने के लिए 118 विधायकों का बहुमत जरूरी है। फिलहाल डीएमके के पास 133 विधायक हैं, कांग्रेस के 17 विधायक हैं। बीजेपी के 4 विधायक हैं, जबकि उसकी सहयोगी एआईएडीएमके के 60 विधायक हैं। पिछले चुनाव में डीएमके ने बड़ी जीत दर्ज की थी।
अब पीयूष गोयल की अगुवाई में बीजेपी तमिलनाडु में संगठन और गठबंधन के दम पर सियासी जमीन मजबूत करने की रणनीति पर काम करती नजर आ रही है।

