DANTEWADA YOUTH PROTEST : Youth create ruckus over NMDC recruitment!
दंतेवाड़ा. दंतेवाड़ा में NMDC की भर्ती प्रक्रिया को लेकर स्थानीय युवाओं का विरोध तेज हो गया है। L1-L2 भर्ती की परीक्षा तारीख घोषित करने की मांग को लेकर शनिवार को दंतेवाड़ा, बीजापुर और सुकमा जिले के करीब 500 बेरोजगार युवा किरंदुल और बचेली पहुंचे। प्रदर्शन के दौरान NMDC चेकपोस्ट के पास पुलिस-प्रशासन और युवाओं के बीच जमकर बहस हुई।
हाथों में तिरंगा लेकर पहुंचे युवाओं ने प्रशासन से पुराने NMDC चेकपोस्ट तक जाने देने की मांग की। लेकिन NMDC अधिकारियों और प्रशासन ने उन्हें आगे जाने से रोक दिया। अधिकारियों का कहना था कि अब इसी चौक को नया चेकपोस्ट घोषित किया गया है।
आगे जाने से रोके जाने पर नाराज युवा उसी चौक पर धरने पर बैठ गए। मौके पर मौजूद SDM और पुलिस अधिकारी प्रदर्शनकारियों को समझाकर हटाने की कोशिश करते नजर आए।
इस दौरान दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक गहमागहमी और तनातनी बनी रही। युवाओं की मांग है कि NMDC की L1-L2 भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाए और परीक्षा की तारीख जल्द घोषित की जाए।
भर्ती को लेकर युवाओं में नाराजगी बढ़ती जा रही है। अब देखना होगा कि NMDC और प्रशासन युवाओं की मांग पर क्या फैसला लेते हैं।


