SUKHDEV BHAGAT : Congress in-charge said – Modi’s followers are also masters of slogans.
रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रभारी सुखदेव भगत ने दुर्ग जिले में कार्यकर्ताओं की बैठक के दौरान भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को जुमलों का बाजीगर बताते हुए आगामी चुनावों में कांग्रेस की जीत का दावा किया।
भगत ने परिसीमन और महिला आरक्षण बिल को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि आखिर महिला आरक्षण बिल परिसीमन की आड़ में क्यों लाया जा रहा है? क्या सरकार कुछ छिपाना चाहती है? उनके मुताबिक, गंभीर मुद्दों पर चर्चा होनी चाहिए, लेकिन सरकार हड़बड़ी में काम कर रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में सड़क, नाली, बिजली, किसान और युवा हर मोर्चे पर सरकार विफल है। कांग्रेस सरकार के समय शुरू किए गए विकास कार्य बंद कर दिए गए हैं और सिर्फ विज्ञापन-होर्डिंग लगाए जा रहे हैं।
भगत ने कहा कि कांग्रेस के पास भूपेश बघेल, ताम्रध्वज साहू और देवेंद्र यादव जैसे नेता हैं। आगामी निकाय चुनाव को सेमीफाइनल, 2028 विधानसभा चुनाव को फाइनल और 2029 लोकसभा चुनाव को मेगा फाइनल बताते हुए उन्होंने चक्रव्यूह तोड़ने का दावा किया।
सुखदेव भगत ने भिलाई, चरोदा और रिसाली में कांग्रेस पदाधिकारियों की बैठक लेकर चुनावी तैयारियों पर चर्चा की। दौरे के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल उन्हें कार से स्टेशन छोड़ने भी पहुंचे।


