DURG CRIME: ₹4 crore seized from a pickup vehicle; suspected to be ‘hawala’ (illegal money transfer) funds!
DURG CRIME: दुर्ग जिले में पुलिस ने एक पिकअप वाहन से 4 करोड़ रुपए कैश बरामद किए हैं। रकम को गाड़ी के पिछले हिस्से में बने गुप्त चेंबर में छिपाकर ले जाया जा रहा था।
पुलिस ने वाहन में सवार दो व्यक्तियों को पकड़कर रकम के स्रोत, स्वामित्व और परिवहन के उद्देश्य के संबंध में पूछताछ शुरू कर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए आयकर विभाग को भी सूचना भेजी जा रही है। आशंका जताई जा रही है कि नकदी रुपए को रायपुर से नागपुर अवैध रूप से हवाला के लिए भेजा जा रहा था।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने डबरापारा, थाना खुर्सीपार क्षेत्र में वाहन चेकिंग के दौरान एक सफेद रंग के बोलेरो मैक्स पिकअप वाहन क्रमांक CG 04 QU 5996 को रोककर तलाशी ली। वाहन रायपुर से नागपुर की ओर जा रहा था। रात करीब 11 बजे हुई जांच के दौरान पुलिस को वाहन के पिछले हिस्से की बनावट संदिग्ध लगी। इसके बाद जब गहन तलाशी ली गई, तो वाहन में छिपाकर रखी गई भारी मात्रा में नकदी का खुलासा हुआ।
करोड़ों रुपये की बरामदगी के बाद पुलिस दोनों व्यक्तियों से नकदी के स्रोत, वास्तविक स्वामित्व और उसे एक स्थान से दूसरे स्थान तक ले जाने के उद्देश्य के संबंध में पूछताछ कर रही है।
मामले में नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं, बरामद रकम के वित्तीय स्रोत और उससे जुड़े अन्य पहलुओं की जांच के लिए आयकर विभाग को सूचना भेजी जा रही है।
