CG Meena Bazar: Science College students stage a massive protest against Meena Bazar!
CG MEENA BAZAR: साइंस कॉलेज परिसर के खेल मैदान में मीना बाजार लगाए जाने के विरोध में छात्र-छात्राओं ने जमकर प्रदर्शन किया। छात्रों ने मैदान में पहुंचकर नारेबाजी की और प्रबंधन से सवाल उठाया कि यह खेल मैदान है या मेला बाजार लगाने का कोई व्यावसायिक स्थल?
प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों का कहना है कि कॉलेज का यह एकमात्र खेल मैदान है, जिसे बार-बार मीना बाजार और अन्य व्यावसायिक आयोजनों के लिए दे दिया जाता है। इस वजह से उन्हें खेलकूद और शारीरिक गतिविधियों के लिए जगह नहीं मिल पाती है। इसके अलावा, आयोजनों के बाद मैदान में भारी गंदगी भी छोड़ दी जाती है, जिससे विद्यार्थियों की परेशानी और बढ़ जाती है।
छात्रों ने आरोप लगाया कि अपने ही कॉलेज का मैदान उपलब्ध नहीं होने के कारण उन्हें अभ्यास करने के लिए दूसरे स्थानों पर भटकना पड़ता है। कई बार वहां भी उन्हें खेलने की अनुमति नहीं मिलती है, जिसका सीधा असर उनकी खेल गतिविधियों और आगामी प्रतियोगिताओं की तैयारियों पर पड़ रहा है।
नाराज छात्र-छात्राओं ने प्रशासन से सख्त मांग की है कि कॉलेज के खेल मैदान को केवल खेल गतिविधियों के लिए ही सुरक्षित रखा जाए और भविष्य में यहां मीना बाजार या किसी भी अन्य प्रकार के व्यावसायिक आयोजनों की अनुमति बिल्कुल न दी जाए।
