HAMAR PAHUNA : प्रेस क्लब पहुंचे SSP रजनेश सिंह,  युवाओं से की समाज कल्याण में योगदान की अपील! 

Date:

- Advertisement -
RADA Auto Expo Portal

HAMAR PAHUNA: SSP Rajnesh Singh visited the Press Club and urged the youth to contribute to social welfare.

 

बिलासपुर। जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) रजनेश सिंह मंगलवार को बिलासपुर प्रेस क्लब के विशेष कार्यक्रम “हमर पहुना” में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। प्रेस क्लब पहुंचने पर अध्यक्ष अजीत मिश्रा ने उनका स्वागत किया।

इस संवाद कार्यक्रम में एसएसपी ने बिलासपुर पुलिस की उपलब्धियों, चुनौतियों, भविष्य की कार्ययोजनाओं के साथ-साथ अपने जीवन के कई रोचक संस्मरण पत्रकारों के साथ साझा किए।

अपराधियों पर कसा शिकंजा, नशे के खिलाफ मुहिम जारी

कानून-व्यवस्था और पुलिस की उपलब्धियों पर विस्तार से चर्चा करते हुए एसएसपी रजनेश सिंह ने बताया कि जिले में गंभीर अपराधों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए 22 अपराधियों को आजीवन कारावास की सजा दिलाई गई है।

इसके अलावा, अपराध से अर्जित लगभग 9.5 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त कर अपराधियों की कमर तोड़ने का काम किया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि महिला एवं बाल अपराधों की रोकथाम और नशे के अवैध कारोबार पर नियंत्रण बिलासपुर पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

साइबर ठगी से बचाव के लिए ‘हमर संगवारी’

वर्तमान परिदृश्य में साइबर अपराध को सबसे बड़ी चुनौती बताते हुए एसएसपी ने कहा कि पुलिस विभिन्न माध्यमों से जनता को जागरूक कर रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में साइबर ठगी से बचाव के लिए थाना स्तर पर “हमर संगवारी” नामक विशेष समूह बनाए गए हैं, जो ग्रामीणों को साइबर सुरक्षा के प्रति सजग कर रहे हैं।

बचपन में एसपी दफ्तर देखकर जागा खाकी के प्रति आकर्षण

अपने व्यक्तिगत जीवन का रोचक किस्सा साझा करते हुए एसएसपी ने बताया कि बचपन में उनके स्कूल के समीप एसपी कार्यालय था। पुलिस अधिकारियों की कार्यशैली देखकर ही उनके मन में इस सेवा के प्रति आकर्षण पैदा हुआ। ग्वालियर और सिंगरौली से प्रारंभिक शिक्षा के बाद उन्होंने रायपुर से एलएलबी की पढ़ाई की और लोक सेवा आयोग के जरिए पुलिस सेवा में कदम रखा। उन्होंने दुर्ग में अपनी पदस्थापना के दौरान विशेष रणनीति व सूचना तंत्र के दम पर 16 डकैती मामलों के सफल खुलासे का वाकया भी साझा किया।

स्मार्ट पुलिसिंग और पुलिस कल्याण पर जोर

स्मार्ट पुलिसिंग की अवधारणा स्पष्ट करते हुए उन्होंने मजबूत सूचना तंत्र और जनता के बीच पुलिस के प्रति विश्वास कायम करने को अहम बताया। साथ ही पुलिस परिवार के कल्याण के लिए पुलिस अस्पताल और कैंटीन जैसी सुविधाओं की जानकारी दी, जिन पर तेजी से काम चल रहा है।

युवाओं से की सकारात्मक योगदान की अपील

कार्यक्रम के अंत में एसएसपी ने समाज और विशेषकर युवाओं के नाम संदेश देते हुए कहा कि शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखना हर नागरिक का दायित्व है। उन्होंने युवाओं से अपनी अपार ऊर्जा और इच्छाशक्ति का उपयोग समाज कल्याण, न्याय और एक सुरक्षित समाज के निर्माण में करने का आह्वान किया।

 

शाल और श्रीफल से हुआ सम्मान

कार्यक्रम के समापन पर बिलासपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष अजीत मिश्रा ने एसएसपी रजनेश सिंह को शाल, श्रीफल और स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका सम्मान किया।

इस अवसर पर प्रेस क्लब के उपाध्यक्ष विजय क्रांति तिवारी, सह सचिव हरि किशन गंगवानी, कार्यकारिणी सदस्य कैलाश यादव सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ व युवा पत्रकार उपस्थित रहे।

- Advertisement -
RADA Auto Expo Portal

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img
spot_imgspot_img

#Crime Updates

More like this
Related