RAHUL GANDHI DEMAND : Give Bharat Ratna to Kanshi Ram!
नई दिल्ली। देश की राजनीति में नया मुद्दा उभरता दिख रहा है। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर बहुजन समाज पार्टी के संस्थापक कांशीराम को मरणोपरांत भारत रत्न देने की मांग की है।
राहुल गांधी ने कांशीराम की जयंती पर लिखे इस पत्र में कहा कि उन्होंने भारतीय राजनीति की दिशा बदल दी। उनके आंदोलनों ने बहुजनों, गरीबों और वंचितों को यह एहसास दिलाया कि उनका वोट और उनकी आवाज भी उतनी ही अहम है।
राहुल गांधी के मुताबिक कांशीराम ने अपना पूरा जीवन समाज के सबसे निचले पायदान पर खड़े लोगों को राजनीतिक रूप से सशक्त बनाने में लगा दिया। उन्होंने लाखों लोगों को यह भरोसा दिलाया कि राजनीति केवल सत्ता नहीं, बल्कि न्याय और समानता पाने का माध्यम भी हो सकती है।
पत्र में राहुल गांधी ने यह भी लिखा कि कई सालों से दलित बुद्धिजीवी, सामाजिक कार्यकर्ता और राजनीतिक नेता कांशीराम को भारत रत्न देने की मांग कर रहे हैं। हाल ही में लखनऊ में हुए एक कार्यक्रम में भी यह मांग जोर-शोर से उठी थी।
राहुल गांधी ने कहा कि कांशीराम को भारत रत्न देना सिर्फ एक व्यक्ति का सम्मान नहीं होगा, बल्कि उन करोड़ों लोगों की आकांक्षाओं का सम्मान होगा जो उन्हें सशक्तिकरण और उम्मीद का प्रतीक मानते हैं।
उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार इस मांग पर गंभीरता से विचार करेगी।

