LAND SCAM ED ACTION : 4 arrested including former IAS, ED seizes cash and jewellery worth crores
लखनऊ। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने वसई विरार नगर निगम (VVMC) से जुड़े जमीन घोटाले में बड़ी कार्रवाई करते हुए पूर्व आईएएस और निगम के पूर्व नगर आयुक्त अनिल पवार समेत चार लोगों को मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम अधिनियम (PMLA) की धारा 19 के तहत गिरफ्तार किया है। अन्य आरोपियों में बिल्डर व पार्षद सीताराम गुप्ता, उनका बेटा अरुण गुप्ता, और निलंबित उप नगर नियोजक वाई एस रेड्डी शामिल हैं।
ईडी की जांच में खुलासा हुआ कि बिल्डरों ने VVMC क्षेत्र में बड़े पैमाने पर अवैध निर्माण कर नागरिकों को बेच दिए। मामला सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा, जहां आदेश के बाद अवैध इमारतें ध्वस्त की गईं और कई निर्दोष खरीदार बेघर हो गए।
जांच के दौरान ईडी ने अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी कर भारी मात्रा में नकदी और सोने-चांदी के आभूषण जब्त किए। साथ ही तत्कालीन नगर आयुक्त और उपनगर नियोजक के बीच व्हाट्सऐप चैट मिली, जिसमें प्रोजेक्ट मंजूरी के बदले प्रति वर्ग फुट रिश्वत वसूली का जिक्र था। गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश किया जा रहा है।
ईडी ने हाल ही में सहारा समूह के खिलाफ भी मनी लॉन्ड्रिंग मामले में मुंबई, गाजियाबाद, लखनऊ और श्रीगंगानगर सहित 9 ठिकानों पर छापे मारे थे। आरोप है कि सहारा ने पोंजी स्कीम के जरिए निवेशकों को धोखा देकर उनकी राशि का इस्तेमाल बेनामी संपत्ति, संदिग्ध शेयर लेन-देन और निजी खर्चों में किया।
