CHHATTISGARH : Former SBI manager accused of embezzling Rs 93 lakh, arrested!
रायपुर। भारतीय स्टेट बैंक के पूर्व मुख्य प्रबंधक को ACB-EOW ने गिरफ्तार किया है। आरोपी पर बैंक के 93 लाख 60 हजार 797 रुपये कथित तौर पर दूसरे खातों में ट्रांसफर कर गबन करने का आरोप है। गिरफ्तारी झारखंड के दुमका स्थित उसके घर से की गई।
आरोपी सुनील कुमार झा एसबीआई की बाल्को शाखा, कोरबा में मुख्य प्रबंधक पद पर पदस्थ था। उसके खिलाफ वर्ष 2020 में कोरबा क्षेत्र के तत्कालीन प्रबंधक बापूजी चरण स्वैन ने EOW/ACB रायपुर में शिकायत दर्ज कराई थी।
जांच के मुताबिक, 1 जून 2018 से 1 अगस्त 2019 के बीच सुनील कुमार झा ने बैंक के विभिन्न खातों से कथित तौर पर रकम निकालकर अपनी पत्नी श्वेता झा, ड्राइवर रुदेश्वर सिंह ठाकुर और अन्य खाताधारकों के खातों में ट्रांसफर की। इससे बैंक को करीब 93.60 लाख रुपये का नुकसान होने का आरोप है।
जांच एजेंसी ने बैंक के टर्म लोन ब्याज खाते, सिस्टम सस्पेंस खाते, डिस्काउंट खाते सहित कई रिकॉर्ड जब्त किए। जांच में आरोपी द्वारा खुद ट्रांसफर और डेबिट वाउचर तैयार करने की बात भी सामने आई है।
ACB बिलासपुर की टीम आरोपी को दुमका से गिरफ्तार कर ट्रांजिट रिमांड पर छत्तीसगढ़ लाई। कोरबा कोर्ट में पेशी के बाद उसे पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले में भ्रष्टाचार, धोखाधड़ी और दस्तावेजों में हेराफेरी से जुड़ी धाराओं के तहत जांच जारी है।


