UK POLICE GUIDELINES : Remove shoes in mosque, don’t interrupt prayers… Controversy over UK police guidelines
ब्रिटेन. ब्रिटेन में पुलिसकर्मियों के लिए मुस्लिम समुदाय से व्यवहार को लेकर जारी नई गाइडलाइन पर राजनीतिक विवाद शुरू हो गया है। इसमें पुलिसकर्मियों को मस्जिद में प्रवेश करते समय जूते उतारने, नमाज पढ़ रहे लोगों को बीच में न रोकने और महिला-पुरुषों से जुड़े धार्मिक रीति-रिवाजों का ध्यान रखने की सलाह दी गई है।
गाइडलाइन नेशनल पुलिस चीफ्स काउंसिल (NPCC) की ओर से जारी की गई है। इसका उद्देश्य अलग-अलग धर्मों और समुदायों को बेहतर तरीके से समझना और पुलिस-समुदाय के बीच संवाद मजबूत करना बताया गया है।
हालांकि, विपक्षी नेताओं ने इस पर सवाल उठाए हैं। रिफॉर्म यूके के नेता निगेल फराज ने आरोप लगाया कि पुलिस कुछ समुदायों को खुश करने में लगी है और सभी के लिए समान नियम लागू नहीं कर रही। शैडो होम सेक्रेटरी क्रिस फिल्प ने भी धर्म और रंग के आधार पर भेदभाव से बचने की बात कही।
विवाद बढ़ने पर NPCC ने सफाई दी कि धार्मिक मान्यताएं कानून और पुलिस की जिम्मेदारी से ऊपर नहीं हैं। जरूरत पड़ने पर पुलिस कानून के मुताबिक कार्रवाई करेगी।
ब्रिटेन में पहले भी ग्रूमिंग गैंग मामलों में पुलिस की निष्क्रियता को लेकर सवाल उठे थे। अब नई गाइडलाइन के बाद बहस छिड़ गई है कि धार्मिक संवेदनशीलता और कानून के पालन के बीच संतुलन कैसे रखा जाए।


