The inauguration of four newly constructed rooms on the second floor of Ashirwad Bhawan was conducted through formal religious rituals and a ribbon-cutting ceremony.
रायपुर। कान्यकुब्ज सभा शिक्षा मंडल, आशीर्वाद भवन रायपुर में आज आयोजित कार्यकारिणी की बैठक के पूर्व भवन के द्वितीय तल पर नवनिर्मित चार कमरों का विधिवत पूजा-अर्चना एवं मंत्रोच्चार के साथ शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर समाज के वरिष्ठजनों एवं पदाधिकारियों ने फीता काटकर कमरों का लोकार्पण किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ पंडित जी द्वारा विधि-विधान से पूजा-अर्चना एवं मंगल कामना के साथ किया गया। इसके पश्चात अध्यक्ष श्री सुरेश मिश्रा एवं सचिव श्री राज कुमार दीक्षित के करकमलों से फीता काटकर उद्घाटन किया गया।
प्रथम कमरे का उद्घाटन समाज के अध्यक्ष श्री सुरेश मिश्रा जी एवं श्री रमेश मिश्र जी द्वारा किया गया। द्वितीय कमरे का उद्घाटन समाज के पूर्व अध्यक्ष श्री वीरेंद्र पांडे जी एवं समाज के वरिष्ठ सदस्य श्री गिरजा शंकर दीक्षित जी ने किया। तृतीय कमरे का उद्घाटन उपाध्यक्ष (सभा) श्रीमती नीता अवस्थी, श्रीमती आभा बाजपेई एवं महिला मंडल की अन्य सदस्यों द्वारा किया गया। वहीं चतुर्थ कमरे का उद्घाटन सभा के सचिव श्री राजकुमार दीक्षित जी एवं उपाध्यक्ष श्री संजय अवस्थी द्वारा किया गया।
इस अवसर पर उपस्थित सभी सदस्यों ने भवन में हुए इस निर्माण कार्य पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे समाज की शैक्षणिक, सामाजिक एवं संगठनात्मक गतिविधियों के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
कमरों के लोकार्पण के पश्चात विद्यालय के ऊपर स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में कार्यकारिणी की बैठक आयोजित की गई। अध्यक्ष सुरेश मिश्रा, सचिव राजकुमार दीक्षित ने कार्यकारिणी बैठक का संचालन किया। बैठक में आगामी दीपावली मिलन समारोह को गरिमामय एवं व्यवस्थित रूप से आयोजित करने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। समारोह की रूपरेखा, तैयारियों एवं विभिन्न व्यवस्थाओं के संबंध में सदस्यों से सुझाव आमंत्रित किए गए।
इसके पश्चात अध्यक्ष की अनुमति से सदस्यों द्वारा विभिन्न विषयों पर प्रश्न एवं सुझाव रखे गए तथा उन पर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में एक अन्य महत्वपूर्ण विषय के रूप में प्रदेश स्तरीय सर्व ब्राह्मण समाज सम्मेलन आयोजित किए जाने का प्रस्ताव रखा गया। इस संबंध में जयशंकर तिवारी के संयोजन एवं नेतृत्व में कॉन्फ्रेंस हॉल में चर्चा की गई। प्रस्तावित सम्मेलन को सफल बनाने, प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों के ब्राह्मण समाज के प्रतिनिधियों को एक मंच पर लाने तथा सामाजिक एकता, समन्वय एवं संगठनात्मक मजबूती को बढ़ावा देने के विषय पर विचार-विमर्श हुआ।
आज की बैठक में प्रमुख रूप से समाज के वरिष्ठ सदस्य पूर्व अध्यक्ष वीरेंद्र पांडे , गिरजा शंकर दीक्षित, समाज अध्यक्ष सुरेश मिश्रा , सचिव राजकुमार दीक्षित, उपाध्यक्ष द्वय नीता अवस्थी एवं संजय अवस्थी सहित अन्य सदस्यगण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में भवन के विकास, समाज की एकजुटता तथा आगामी सामाजिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों को लेकर सदस्यों में उत्साह दिखाई दिया।
कान्यकुब्ज सभा शिक्षा मंडल का उद्देश्य समाज की एकता, शिक्षा, संस्कार एवं सामाजिक सहयोग की भावना को निरंतर आगे बढ़ाना है। आशीर्वाद भवन में नए कमरों का निर्माण इसी दिशा में एक और सार्थक कदम है।


