The Hindi play ‘Katha’, directed by Kishore Vaibhav, is set to be staged; there is immense excitement among the audience!
रायपुर। नाट्य संस्था ‘रंगभूमि’ के सहयोग से युवा निर्देशक किशोर वैभव द्वारा निर्देशित हिंदी नाटक ‘कथा’ का मंचन रविवार, 14 जून को महाराष्ट्र मंडल में संत ज्ञानेश्वर सभागृह के कुमुदिनी वरवंडकर रंगमंच पर किया जाएगा। 70 मिनट का यह नाटक शाम सात बजे शुरू होगा।
आचार्य रंजन मोड़क ने बताया कि किशोर वैभव का यह नाटक सांस्कृतिक टीम ‘रंगभूमि’ के सहयोग से मंचित किया जाएगा। ‘कथा’ कथासरित्सागर पर आधारित है। कथासरित्सागर संस्कृत कथा साहित्य का उत्कृष्ट और शिरोमणि ग्रंथ है। कश्मीरी पंडित सोमदेव भट्ट की यह अमर कृति 11वीं शताब्दी में रची गई। यह कहानियों का एक विशाल सागर है, जो भारतीय इतिहास की गौरवशाली धरोहर है। इसमें 124 तरंगों में 21,388 पद द्वारा मिथक, इतिहास, यथार्थ, सच्चाई और इंद्रजाल का ऐसा अनूठा संगम किया गया है, जो दूसरी जगह दुर्लभ है।
आचार्य मोड़क ने बताया कि इस नाटक में सूत्रधार हेमंत यादव होंगे। वहीं निलेश पटेल, अक्षदा मातुरकर, सुमन आरोही, आदित्य दास, आस्था जांगड़े, विजय शर्मा सहित अन्य कई कलाकार मंच पर नजर आएंगे। वहीं विन्यास संयोजन की भूमिका लोकेश साहू, स्वप्निल हुद्दार व संत फरिकार ने निभाई है। रंगसाधकों की सहयोग राशि से कथा का मंचन किया जाएगा।

