CHHATTISGARH : White bear seen for the first time… attacks villager
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही. छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में एक बेहद दुर्लभ सफेद भालू दिखने से इलाके में सनसनी फैल गई है। अमाडांड गांव के जंगल में काले भालुओं के बीच सफेद रंग का भालू नजर आया, जिसे देखने के लिए लोगों की भीड़ जंगल की तरफ पहुंचने लगी।
लेकिन उत्सुकता के बीच डर भी बढ़ गया, क्योंकि सफेद भालू ने लल्लू ड्राइवर नाम के एक ग्रामीण पर हमला कर दिया। हमले में उसके हाथों में चोट आई है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने पहली बार ऐसा सफेद भालू देखा है। लोग मोबाइल से फोटो और वीडियो बनाने जंगल पहुंच रहे हैं। वहीं वन विभाग ने लोगों को जंगल में अकेले न जाने और भालू से दूरी बनाने की चेतावनी दी है।
वन्यजीव विशेषज्ञों के मुताबिक यह कोई अलग प्रजाति नहीं, बल्कि ‘एल्बिनिज्म’ नाम की दुर्लभ आनुवंशिक स्थिति है, जिसमें शरीर में पिगमेंट की कमी के कारण जानवर सफेद दिखाई देता है। फिलहाल वन विभाग की टीम पूरे इलाके में निगरानी कर रही है।

