RAIPUR DRUGS : MD drug supplier arrested before New Year, police crackdown on party drugs
रायपुर, 26 दिसंबर। न्यू ईयर पार्टियों से पहले ड्रग्स सप्लाई की तैयारी में जुटे पाटन के एक तस्कर को रायपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को कोतवाली थाना क्षेत्र के सिद्धार्थ चौक स्थित नरैय्या तालाब के पास दबोचा गया। पूछताछ में दुर्ग और रायपुर के कई ग्राहकों व सप्लायरों के नाम सामने आए हैं, जिनकी तलाश जारी है।
पुलिस ने आरोपी के पास से 04 ग्राम 790 मिलीग्राम एम.डी. ड्रग्स और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। जब्त ड्रग्स की कीमत करीब 55 हजार रुपये बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक आरोपी नव वर्ष के दौरान आउटर के फार्म हाउस और क्लबों में होने वाली पार्टियों में एम.डी. ड्रग्स की सप्लाई करने वाला था।
NDPS एक्ट में केस दर्ज
कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 21(A) नारकोटिक एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी से ड्रग्स सिंडिकेट से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
ऑपरेशन ‘निश्चय’ में बड़ी कार्रवाई
पुलिस ने बताया कि ऑपरेशन निश्चय के तहत एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की टीम ने अब तक नारकोटिक एक्ट के 94 मामलों में 217 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनसे गांजा, एमडी ड्रग्स, एमडीएमए, चिट्टा, कोकीन, अफीम, डोडा, प्रतिबंधित टैबलेट और सिरप सहित नकदी, बाइक-कार और मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। कुल जब्ती की कीमत करीब 3 करोड़ 85 लाख रुपये आंकी गई है।
