CG VIDHANSABHA UPDATE: The Excise Department will be cornered during the monsoon session! Congress has tightened its belt…
रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा का मानसून सत्र 13 जुलाई से शुरू होकर 17 जुलाई तक चलेगा। पांच दिनों के इस सत्र में कई अहम मुद्दों पर सरकार और विपक्ष के बीच तीखी बहस देखने को मिल सकती है। इस बार आबकारी विभाग के फैसले भी सदन में बड़ा मुद्दा बनने जा रहे हैं।

सूत्रों के मुताबिक विपक्षी विधायक आबकारी विभाग के मंत्रिपरिषद के फैसलों और उनके क्रियान्वयन की स्थिति को लेकर सरकार को घेरने की तैयारी में हैं। आरोप है कि विभाग से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय अब तक जमीन पर लागू नहीं हो सके हैं।
कांग्रेस इस मुद्दे पर रणनीति बनाने के लिए अलग से बैठक करने की तैयारी कर रही है। पार्टी की कोशिश रहेगी कि सदन में सरकार से यह पूछा जाए कि मंत्रिपरिषद द्वारा लिए गए आबकारी संबंधी फैसलों पर अब तक कितना अमल हुआ और किन कारणों से कई निर्णय लंबित हैं।
विपक्ष की मांग है कि सरकार विधानसभा में आबकारी विभाग के मंत्रिपरिषद निर्णयों की विस्तृत जानकारी और उनकी वर्तमान पालन स्थिति सदन के पटल पर रखे, ताकि जनता के सामने पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सके।
अब नजर 13 जुलाई से शुरू होने वाले मानसून सत्र पर रहेगी, जहां आबकारी विभाग का मुद्दा सरकार के लिए चुनौती बन सकता है।
