RAIPUR CRIME: Assistant Director’s gold chain worth ₹2 lakh snatched; incident occurred in an e-rickshaw!
RAIPUR CRIME: राजधानी रायपुर में समग्र शिक्षा कार्यालय की सहायक संचालक के गले से चेन खींच लेने की वारदात सामने आई है।
सहायक संचालक की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने केस दर्ज करके मामले में जांच शुरू कर दी है। पीड़िता का नाम पुलिस द्वारा मंजू लता साहू बताया जा रहा है और वे समग्र शिक्षा कार्याल में पदस्थ हैं।
पीड़िता मंजू लता साहू ने पुलिस को बताया कि वे जनता कॉलोनी, गुढ़ियारी में रहती हैं। 18 अगस्त को उन्होंने जेल रोड बस स्टॉप के पास ई-रिक्शा लिया। इसके बाद उन्होंने ड्राइवर को बोर्ड ऑफिस जाने के लिए कहा।
पीड़िता के अनुसार, खालसा स्कूल के पास छह महिलाएं ई-रिक्शा में सवार हो गईं। इसके बाद ई-रिक्शा में बैठी महिलाओं के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। इसके बाद पीड़ित पेंशनबाड़ा हमर क्लिनिक के पास ई-रिक्शा से उतर गईं।
ई-रिक्शा के वहां से जाने के बाद उन्होंने अपने गले की ओर देखा तो सोने की चेन गायब थी। उन्होंने आशंका जताई कि ई-रिक्शा में सवार छह महिलाओं में से किसी ने भीड़ और धक्का-मुक्की का फायदा उठाकर उनकी करीब एक तोला वजन की सोने की चेन चोरी कर ली। जिसकी अनुमानित कीमत पौने 2 लाख रुपए बताई जा रही है।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस ई-रिक्शा के रूट और संबंधित स्थानों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
साथ ही ई-रिक्शा ड्राइवर और घटना के दौरान उसमें सवार महिलाओं की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि वारदात में किसी संगठित महिला गिरोह की भूमिका थी या नहीं।
