RAIPUR NEWS: BJYM leader accused of vandalism at police station!
RAIPUR NEWS: राजधानी रायपुर के गुढ़ियारी थाना परिसर में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के जिला उपाध्यक्ष शुभांकर द्विवेदी पर थाना परिसर में तोड़फोड़ करने का आरोप लगा है।
जानकारी के मुताबिक, गुढ़ियारी थाना पुलिस क्षेत्र में तय समय-सीमा के बाद डीजे बजाने के मामले में कार्रवाई कर रही थी। पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने के आरोप में एक व्यक्ति को थाने लाया था। इसी कार्रवाई के बाद शुभांकर द्विवेदी अपने समर्थकों के साथ थाना पहुंचे। बताया जा रहा है कि उन्होंने पुलिस से संबंधित व्यक्ति को छोड़ने और कार्रवाई रोकने की मांग की।
पुलिस और भाजयुमो नेता के बीच बातचीत के दौरान मामला गरमा गया। आरोप है कि कार्रवाई जारी रखने की बात पर विवाद बढ़ गया और थाना परिसर में हंगामा होने लगा। इसी दौरान शुभांकर द्विवेदी पर आक्रोश में थाना परिसर के सामान को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया गया है।
बताया जा रहा है कि हंगामे के दौरान थाना परिसर में थाना निरीक्षक के बैठक कक्ष में लगा टीवी भी तोड़ दिया गया। हालांकि, पूरे मामले में पुलिस की ओर से आधिकारिक रूप से क्या कार्रवाई की गई है, इसे लेकर विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।
थाना परिसर में हुई इस घटना ने पुलिस कार्रवाई और राजनीतिक प्रभाव को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई पर सभी की नजर बनी हुई है।
