MOHAN BHAGWAT CG VISIT : BJP leaders meet Bhagwat, what will happen in the cabinet?
बिलासपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) प्रमुख मोहन भागवत के छत्तीसगढ़ दौरे के बीच भाजपा की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। बिलासपुर में उनके साथ भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं की बंद कमरे में मुलाकात हुई है। अब इन मुलाकातों को संभावित कैबिनेट विस्तार से जोड़कर देखा जा रहा है, हालांकि इसे लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
मोहन भागवत दो दिवसीय दौरे पर बिलासपुर पहुंचे हैं। इस दौरान वे संघ के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ बैठकें कर रहे हैं। दौरे के पहले दिन गुरुवार को प्रदेश भाजपा संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने उनसे मुलाकात की। इसके अलावा वरिष्ठ नेता धरमलाल कौशिक, अमर अग्रवाल, सुशांत शुक्ला और रजनीश सिंह भी भागवत से मिले।
इसी बीच प्रदेश भाजपा संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह के कोनी पहुंचने की भी जानकारी सामने आई है। नेताओं की इन मुलाकातों और बैठकों को लेकर राजनीतिक चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
दरअसल, छत्तीसगढ़ में संभावित कैबिनेट विस्तार को लेकर पहले से ही अटकलें लगाई जा रही हैं। ऐसे में संघ प्रमुख के दौरे और भाजपा नेताओं के साथ उनकी बातचीत ने इन चर्चाओं को और हवा दे दी है।
हालांकि, इन बैठकों में किन मुद्दों पर चर्चा हुई, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। न ही भाजपा या संघ की ओर से कैबिनेट विस्तार को लेकर कोई स्पष्ट संकेत दिया गया है।
अब सबकी नजर इस बात पर है कि भागवत के दौरे के बाद प्रदेश भाजपा की राजनीति में कोई बड़ा बदलाव देखने को मिलता है या ये मुलाकातें संगठनात्मक चर्चा तक ही सीमित रहती हैं।
Mohan Bhagwat Bilaspur Visit, Chhattisgarh Cabinet Expansion, BJP Leaders Meeting, Karmaveer Singh, Chhattisgarh Politics News
