RAIPUR CONVERSION CASE: Uproar over religious conversion; women accused of using inducements!
RAIPUR CONVERSION CASE: राजधानी रायपुर में कथित धर्मांतरण को लेकर गांधी चौक न्यू आनंद नगर निवासी 32 वर्षीय तरेन्द्र कुमार वर्मा ने तीन महिलाओं पर प्रलोभन देकर ईसाई धर्म अपनाने के लिए कहने का आरोप लगाया है।
मामले की शिकायत के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों की FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, तरेन्द्र कुमार वर्मा न्यू आनंद नगर में मोबाइल की दुकान चलाता है। उसकी पहचान सुषमा कौशिक, लक्ष्मी निषाद और सुरेखा रंगारे से पहले से थी। तीनों महिलाओं का तरेन्द्र की मोबाइल दुकान पर आना-जाना भी था।
शिकायत के अनुसार, सुषमा कौशिक ने तरेन्द्र को अपने घर में होने वाली प्रार्थना सभा में शामिल होने के लिए बुलाया था। तरेन्द्र का कहना है कि वह 21 अगस्त को दोपहर करीब 2:30 बजे सुषमा के घर के पास पहुंचा था।
उसके मुताबिक सुषमा उसे अंदर लेकर गई, जहां करीब 20 से 25 लोग प्रार्थना कर रहे थे। तरेन्द्र ने आरोप लगाया कि सुषमा, लक्ष्मी और सुरेखा ने उसे ईसाई धर्म अपनाने के लिए कहा और प्रार्थना की शक्तियों के बारे में जानकारी दी।
घटना के बाद तरेन्द्र ने अपने दोस्तों को पूरी बात बताई। इसके बाद मामले को लेकर हिंदू संगठनों के लोग पुलिस थाने पहुंचे और तीनों महिलाओं के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
तीनों महिलाओं के खिलाफ FIR कराने के लिए हिंदू संगठन के लोग खमतराई थाने पहुंचे थे। इसी दौरान मसीही समाज के लोग भी विरोध में थाने पहुंच गए। इसके बाद थाना परिसर में दोनों पक्षों के बीच विवाद की स्थिति बन गई।
बताया गया कि देर रात तक दोनों पक्ष थाने में मौजूद रहे। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने मामले को संभाला और दोनों पक्षों की शिकायत दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस ने मामले में दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर FIR दर्ज की है। अब पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि प्रार्थना सभा में क्या हुआ था और धर्म परिवर्तन के लिए किसी तरह का प्रलोभन या दबाव दिया गया था या नहीं।
