PRIME MINISTER’S ADDRESS : This is how PM Modi hit back at Rahul! Some people are not able to accept the progress of the country.
नई दिल्ली। संसद के चालू बजट सत्र के सातवें दिन प्रधानमंत्री लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर हुई चर्चा का पीएम ने जवाब दिया. पीएम मोदी ने इस दौरान यूपीए सरकार पर जमकर निशाना साधा. पीएम मोदी ने राष्ट्रपति के अभिभाषण को संकल्प से सिद्धि तक की यात्रा का खाका बताया और खुशी जताई कि किसी ने भी इस पर आपत्ति नहीं जताई है. एक दिन पहले ही धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान राहुल गांधी ने लोकसभा में बोलते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखे वार किए थे और कई सवाल किए थे. राहुल गांधी ने अडानी मुद्दे पर मोदी सरकार को कठघरे में खड़ा किया था.
जय श्रीराम के नारे के साथ शुरू हुआ प्रधानमंत्री का संबोधन –
लोकसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा का जवाब दे रहे हैं. पीएम मोदी का संबोधन जय श्रीराम के नारे के साथ शुरू हुआ. पीएम मोदी ने अपने संबोधन की शुरुआत में राष्ट्रपति का अभिनंदन किया और कहा कि हम करोड़ो देशवासियों का विजनरी भाषण में मार्गदर्शन किया है.
पीएम मोदी के संबोधन से पहले बीआरएस का वॉकआउट –
प्रधानमंत्री का संबोधन शुरू होने से पहले सदन में विपक्षी सदस्यों ने अडानी मुद्दे पर जेपीसी जांच की मांग को लेकर तख्तियां लहराईं. इस पर स्पीकर ओम बिरला ने टोका और कहा कि आपको नेम किया जा सकता है. इसके बाद बीआरएस के सदस्यों ने सदन से वॉकआउट कर दिया.
पीएम मोदी बोले- कल कुछ लोग उछल रहे थे –
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राहुल गांधी का नाम लिए बिना उन पर निशाना साधा. पीएम मोदी ने कहा कि कल कुछ लोग उछल रहे थे. उन्होंने कहा कि कल कुछ लोग बोल रहे थे तो पूरा इकोसिस्टम उछल रहा था. कल नींद भी अच्छी आई होगी और शायद आज वे उठ भी नहीं पाए होंगे. पीएम मोदी ने कहा कि कुछ लोग तो ये भी कह रहे थे कि ये हुई न बात. उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति के अभिभाषण के दौरान कुछ लोग कन्नी काट गए थे. एक बड़े नेता तो उनका अपमान भी कर चुके हैं. पीएम मोदी ने तंज करते हुए कहा कि कुछ लोग कह रहे हैं- ये कह कह कर हम दिल को बहला रहे हैं, वो अब चल चुके हैं, वो अब आ रहे हैं.
राष्ट्रपति के अभिभाषण पर किसी को ऐतराज नहीं- पीएम –
पीएम मोदी ने राष्ट्रपति के संबोधन के कुछ वाक्य भी कोट किए और ये भी कहा कि राष्ट्रपति के अभिभाषण पर किसी को ऐतराज भी नहीं है. इसकी किसी ने आलोचना भी नहीं की. उन्होंने कहा कि मुझे खुशी है कि किसी ने विरोध नहीं किया, सबने स्वीकार किया. पीएम मोदी ने कहा कि इसे पूरे सदन की स्वीकृति मिली है. सदस्यों ने अपनी सोच के मुताबिक अपनी बात रखी. इससे उनकी समझ और इरादों का भी पता चला.
राष्ट्रपति का अभिभाषण संकल्प से सिद्धि तक की यात्रा का खाका –
पीएम मोदी ने कहा कि संकट के माहौल में देश को जैसे संभाला, पूरा देश आत्मविश्वास भरा हुआ है. उन्होंने कहा कि चुनौती के बिना जीवन नहीं है. 140 करोड़ लोगों का सामर्थ्य चुनौती से भरा हुआ है. पीएम मोदी ने कहा कि राष्ट्रपति देश की बहन बेटियों को प्रेरणा हैं. राष्ट्रपति ने आदिवासी समाज का गौरव बढ़ाया. आदिवासी समाज में गौरव की अनुभूति है. उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति का अभिभाषण संकल्प से सिद्धि तक की यात्रा का खाका है.
आज राष्ट्रहित में फैसले लेने वाली सरकार- पीएम मोदी –
पीएम मोदी ने कहा कि पिछले दो से तीन दशक अस्थिरता के रहे हैं. उन्होंने कहा कि आज देश में स्थिर सरकार है, फैसले लेने वाली सरकार है. उन्होंने कहा कि आज देश आत्मविश्वास से भरा है. डिजिटल इंडिया की हर तरफ वाह-वाही हो रही है. एक जमाना था जब छोटी टेक्नोलॉजी के लिए भी देश तरसता था. उन्होंने वैश्विक अस्थिरता, युद्ध की स्थिति का भी जिक्र किया और कहा कि इच्छाशक्ति से हम सुधार कर रहे हैं. आज राष्ट्रहित में फैसले लेने वाली सरकार है. ये सुधार मजबूरी में नहीं किए गए हैं.
कुछ लोग स्वीकार नहीं कर पा रहे देश की तरक्की –
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विपक्षी दलों पर हमला बोलते हुए कहा कि आज देश हर क्षेत्र में तरक्की कर रहा है. कुछ लोग इसे स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं. उन्होंने रिन्यूएबल एनर्जी में चौथे नंबर पर, मोबाइल मैन्यूफैक्चरिंग में दूसरा सबसे बड़ा देश बन जाने का जिक्र किया और कहा कि आज खिलाड़ी अपना रुतबा दिखा रहे हैं. भारत का दुनिया में डंका बज रहा है. भारत मैन्यूफैक्चरिंग का हब बन गया है. आज देश में हर क्षेत्र में आशा ही आशा नजर आ रही है लेकिन कुछ लोगों को ये नजर नहीं आ रहा है. उन्होंने स्टार्ट अप्स के तेजी से बढ़ने का भी जिक्र किया और कहा कि आज देश में 109 यूनिकॉर्न बन चुके हैं. उन्होंने काका हथरसी को कोट करते हुए कहा कि जिसकी जैसी सोच होगी, उसे वैसा ही नजर आएगा. पीएम मोदी ने कहा कि कुछ लोग निराश हैं. ये निराशा भी ऐसे नहीं आई. एक तो जनता का हुकुम, बार-बार हुकुम. उन्होंने कहा कि 2014 के पहले अर्थव्यवस्था खस्ता हो गई, महंगाई डबल डिजिट में रही. कुछ अच्छा होता है निराशा और उभरकर सामने आ जाती है.
यूपीए ने हर मौके को मुसीबत में पलटा- पीएम मोदी –
अंतर्मन की चीजें उनको चैन से सोने भी नहीं देतीं. 2004 से 2014 आजादी के बाद सबसे अधिक घोटालों का दशक रहा. वही 10 साल कश्मीर से कन्याकुमारी, भारत के हर कोने में आतंकी हमले होते रहे. यही सूचना चलती रही कि अनजानी चीज को हाथ मत लगाना. 10 साल में कश्मीर से नॉर्थ ईस्ट तक हिंसा ही हिंसा. ग्लोबल प्लेटफॉर्म पर भारत की आवाज इतनी कमजोर थी कि दुनिया सुनने को तैयार नहीं थी. इनकी निराशा का कारण ये भी है कि आज जब देश के 140 करोड़ लोगों को सामर्थ्य खिल रहा है. 4 से 14 तक इन्होंने वो अवसर गंवा दिया और हर मौके को मुसीबत में पलट दिया.
घोटालों के कारण दुनिया में देश की हुई बदनामी- पीएम
पीएम मोदी ने यूपीए सरकार पर जमकर हमला बोला. उन्होंने कहा कि जब न्यूक्लियर डील पर बात हो रही थी, तब ये नोट फॉर वोट में उलझे थे. पीएम मोदी ने 2जी, कोल स्कैम का भी जिक्र किया और कहा कि घोटालों के कारण दुनिया में देश बदनाम हुआ. उन्होंने कहा कि 2004 से 2014 के दशक में देश का बहुत नुकसान हुआ. 2030 का दशक भारत का है. पीएम मोदी ने कहा कि इनमें आतंक पर पलटवार करने का साहस नहीं था. देश के नागरिकों का 10 साल तक खून बहा. उन्होंने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि भारत लोकतंत्र की जननी है. लोकतंत्र हमारी रगों में है. आलोचना होनी चाहिए लेकिन इन्होंने नौ साल आरोप में गंवा दिए. चुनाव हार जाएं तो ईवीएम को दोष, भ्रष्टाचार की जांच हो तो एजेंसियों को गाली. उन्होंने कहा कि ईडी का धन्यवाद करना चाहिए कि उसने इन लोगों को एक मंच पर ला दिया है. जो काम देश के मतदाता नहीं कर पाए.
पीएम मोदी के संबोधन के दौरान विपक्ष का हंगामा –
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन के दौरान विपक्षी दलों ने जमकर हंगामा किया. विपक्षी सांसदों ने अडानी सरकार और जेपीसी के नारे लगाए. स्पीकर ओम बिरला हंगामा कर रहे विपक्षी सदस्यों को टोकते हुए कहा कि नेता सदन के संबोधन के दौरान इस तरह का व्यवहार उचित नहीं है.
हार्वर्ड स्टडी का कुछ लोगों में बड़ा क्रेज- पीएम मोदी –
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विपक्षी दलों पर हमला बोलते हुए कहा कि कुछ लोगों में हार्वर्ड स्टडी का बड़ा क्रेज है. एक नेता ने कहा था हार्वर्ड में स्टडी होगी. हार्वर्ड में स्टडी हो चुकी है. इस स्टडी का टॉपिक है द राइज एंड डिक्लाइन ऑफ कांग्रेस पार्टी. उन्होंने शायराना हमला बोलते हुए दुष्ययंत कुमार की पंक्तियां पढ़ी और कहा कि पैरों के नीचे जमीन नहीं है लेकिन इन्हें यकीन नहीं है.
गलीच आरोप को जनता कैसे स्वीकार करेगी- पीएम –
पीएम मोदी ने कहा कि विपक्ष पहले ये तय करे कि भारत कमजोर हुआ है या मजबूत. पहले कहते हैं कि देश कमजोर हुआ है. फिर कहते हैं कि भारत दूसरे देशों पर दबाव बनाकर फैसले करवा रहा है. उन्होंने कहा कि कुछ लोग अब भी अहंकार में जी रहे हैं. वे सोचते हैं कि मोदी को गाली देकर ही रास्ता निकलेगा. पीएम ने कहा कि मोदी पर देशवासियों का ये भरोसा इनकी समझ के दायरे से बाहर है. ये ऐसे ही नहीं आया है. मोदी पर भरोसा अखबार और टीवी पर चेहरा दिखाकर नहीं आया है. देशवासियों के लिए, उज्ज्वल भविष्य के लिए जीवन खपा दिया है, पल-पल खपा दिया है. उन्होंने कहा कि आपके गलीच आरोप को जनता कैसे स्वीकार करेगी.
हमने वंचितों को दिया उनका हक –
पीएम मोदी ने कहा कि इनकी गालियों को 140 करोड़ देशवासियों से गुजरना होगा. जनता के आशीर्वाद के सुरक्षा कवच को झूठ के शस्त्र से तुम कभी भेद नहीं सकोगे. मोदी ने कहा कि तुम परिवार के लिए जीते हो, मोदी 140 करोड़ लोगों के लिए जीता है. कुछ लोग परिवार तबाह करने पर लगे हैं. उन्होंने कहा कि समाज के वंचितों को वरीयता के संकल्प को लेकर हम चल रहे हैं. दशकों तक दलित, पिछड़े, आदिवासी को जिस हाल पर छोड़ दिया गया था, वो सुधार नहीं आया था जो संविधान निर्माताओं ने सोचा था. 2014 के बाद सरकारी योजनाओं का लाभ सबसे अधिक इन्हीं परिवारों को मिला है. पहली बार इन परिवारों में बिजली पहुंची है, नल से जल मिल रहा है. जो बस्तियां आपको चुनाव के समय ही याद आती थी, आज सड़क-बिजली पानी के साथ 4जी कनेक्टिविटी भी वहां पहुंच रही है. आदिवासी राष्ट्रपति के रूप में दिखती हैं, पूरा देश गौरव गान कर रहा है.
मध्यम वर्ग को नकार दिया गया, हमने ईमानदारी को पहचाना- पीएम मोदी –
पीएम मोदी ने कहा कि आज आदिवासियों का गौरव दिवस मनाया जा रहा है. कितने ही परिवार पहली बार पक्के घर में पहुंचे. उन्होंने कहा कि लाल किले से जब हम इज्जत घर की बात करते हैं तब मेरा मजाक बनाया जाता है. हमने बहनों के सशक्तिकरण का काम किया. माइनिंग से डिफेंस तक बहन बेटियों के लिए अवसर खोल दिया है. ये काम हमारी सरकार ने किया. पीएम मोदी ने वोट बैंक की राजनीति को लेकर हमला बोलते हुए कहा कि इससे समस्या पैदा हुई. मध्यम वर्ग को नकार दिया गया. वह अपनी पूरी शक्ति खपा देता था कि जो करना है, खुद ही करना है हमारा कोई नहीं. हमारी सरकार ने उसकी ईमानदारी को पहचाना. उन्होंने 2014 के पहले डेटा की कीमतों और आज इंटरनेट के उपयोग को लेकर तुलनात्मक कीमत बताते हुए कहा कि आज हर नागरिक का औसतन 5000 हजार रुपये हर महीने बच रहा है. जन औषधि के कारण मध्यम वर्ग का 20 हजार रुपये बचा है.
लेट-लतीफी रेलने की पहचान बन गई थी- पीएम मोदी –
पीएम मोदी ने कहा कि हम वर्षों से अंग्रेजों की बिछाई रेल लाइन पर निर्भर थे. आज रेलवे का कायाकल्प हो रहा है. पहले धक्का-मुक्की और लेट-लतीफी रेलवे की पहचान बन गई थी. आज रेलवे की तस्वीर बदल रही है. वंदे भारत ट्रेन चल रही है. उन्होंने कहा कि मेरे सार्वजनिक जीवन में चार-पांच दशक हो गए हैं. गांव-गांव से गुजरा हूं. समाज की प्रकृति से परिचित हूं. पीएम मोदी ने कहा कि आज हर सांसद वंदे भारत ट्रेन की मांग कर रहा है. एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशनों का कायाकल्प हो रहा है. एक्सप्रेस-वे, हाई-वे का जाल बिछ रहा है. उन्होंने ये भी कहा कि 70 साल में जितने एयरपोर्ट बने, उतने हमने नौ साल में बनवा दिए.
सत्ता के सपने देखने वालों को आत्मचिंतन की जरूरत- पीएम मोदी –
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि सत्ता के सपने देखने वाले निराशा में डुबे लोगों को आत्मचिंतन की जरूरत है. उन्होंने कहा कि कल जो यहां बैठते थे, आज वे वहां जाकर भी फेल हुए और देश तेज गति से आगे बढ़ता जा रहा है. पीएम मोदी ने कहा कि आज देश डिफेंस सेक्टर में भी एक्सपोर्ट कर रहा है. राहुल गांधी पर नाम लिए बिना हमला बोलते हुए कहा कि जो लोग हाल ही में लाल चौक पर तिरंगा फहराकर आए हैं, उन्होंने देखा होगा कि आज आप किस तरह बिना किसी बाधा के घूम-फिर सकते हैं. उन्होंने 90 के दशक को याद करते हुए कहा था कि मैं भी गया था. लाल चौक पर झंडा फहराने का संकल्प लेकर निकला था तब आतंकियों ने विरोध में पोस्टर लगाए थे. तब हमने कहा था कि हम भी देखते हैं किसने अपनी मां का दूध पिया है जो हमें रोकेगा. हम बिना बुलेट प्रूफ जैकेट के आएंगे और तिरंगा फहराएंगे. फैसला लाल चौक पर होगा. किसी ने तब कहा था कि जब गणतंत्र दिवस पर झंडा फहराया जाता है तब आयुध का प्रदर्शन होता है, सलामी दी जाती है. हमने कहा था कि हम जब तिरंगा फहरा रहे हैं, दुश्मन देश का बारूद भी हमें सलामी दे रहा है. उन्होंने कहा कि जो लोग तिरंगे को शांति के लिए खतरा बताते थे, वे भी आज तिरंगा यात्रा में शरीक हो रहे हैं. आज श्रीनगर में सिनेमाहॉल चल रहे हैं और हाउसफुल चल रहे हैं.
पीएम मोदी बोले- आजादी के सौ साल मनाएंगे, विकसित भारत बनाकर रहेंगे –
पीएम मोदी ने कहा कि नॉर्थ ईस्ट की बात हो रही थी. आप जाकर घूम आइए. वहां हजारों युवा जो हथियार उठा लिए थे, वे मुख्य धारा में लौटे हैं. नौ साल में 7500 लोगों ने सरेंडर किया है. उन्होंने त्रिपुरा में परिवारों को दिए गए आवास का जिक्र किया और ये भी कहा कि नॉर्थ ईस्ट के हर कोने में सुख शांति है. पीएम ने कहा कि राजनीतिक विचारधारा में भिन्नता हो सकती है लेकिन ये देश अजर-अमर है. उन्होंने धैर्य से सुनने के लिए विपक्ष को भी धन्यवाद दिया और कहा कि आइए हम मिलकर चल पड़ें. ये संकल्प लें कि हम आजादी के सौ साल मनाएंगे और एक विकसित भारत बनाएंगे.
