Pawan Khera on Amit Shah: BJP opens a front; demands FIR against Pawan Khera.
PAWAN KHERA ON AMIT SHAH: कांग्रेस नेता पवन खेड़ा द्वारा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ कथित तौर पर अपमानजनक और आपत्तिजनक शब्दों के इस्तेमाल को लेकर भाजपा मुख्य प्रवक्ता एवं विधायक राकेश जमवाल, विधायक सतपाल सिंह सत्ती, डी.एस. ठाकुर और दिलीप ठाकुर ने एडिशनल एसपी के माध्यम से पुलिस अधीक्षक शिमला को लिखित शिकायत सौंपकर पवन खेड़ा के खिलाफ FIR दर्ज करने और कानूनी कार्रवाई की मांग की.
राकेश जमवाल ने आरोप लगाया कि पवन खेड़ा ने सार्वजनिक रूप से अमित शाह के लिए “बौना”, “भगोड़ा”, “तड़ीपार” और “औकात” जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया. उन्होंने कहा कि राजनीतिक मतभेद लोकतंत्र का हिस्सा हैं, लेकिन केंद्रीय गृह मंत्री के खिलाफ इस तरह की भाषा राजनीतिक संवाद की मर्यादा के खिलाफ है.
जमवाल ने कहा कि भाजपा संबंधित वीडियो, सोशल मीडिया सामग्री और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य पुलिस को उपलब्ध करवाएगी. जांच में संज्ञेय अपराध के आवश्यक तत्व पाए जाने पर FIR दर्ज कर कानून के अनुसार कार्रवाई की जानी चाहिए.
भाजपा ने पवन खेड़ा के खिलाफ पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष और विधिसम्मत जांच की मांग करते हुए कहा कि उपलब्ध साक्ष्यों का संज्ञान लेकर शीघ्र कार्रवाई की जाए।
