MOHAN BHAGWAT CG VISIT : What will change in Mohan Bhagwat’s visit?
बिलासपुर, 22 अक्टूबर 2026। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत दो दिवसीय दौरे पर बिलासपुर पहुंच रहे हैं। वे गुरुवार शाम करीब 4 बजे गोंडवाना एक्सप्रेस से बिलासपुर आएंगे। इसके बाद कोनी स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में शाम 7 से 8 बजे तक बौद्धिक वर्ग को संबोधित करेंगे।
कार्यक्रम में संघ के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल होंगे। देश और समाज से जुड़े मुद्दों पर चर्चा के साथ संगठन की आगामी गतिविधियों को लेकर मार्गदर्शन दिए जाने की संभावना है। दौरे को देखते हुए रेलवे स्टेशन और कार्यक्रम स्थल के आसपास सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है।
संघ के ढांचे में बदलाव पर नजर
शुक्रवार को छत्तीसगढ़ प्रांत के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की बैठक प्रस्तावित है। इसमें संघ के शताब्दी वर्ष के कार्यक्रमों की समीक्षा और आगे की रणनीति पर चर्चा होगी।
संघ से जुड़े लोगों के मुताबिक, छत्तीसगढ़ को रायपुर और बिलासपुर, दो हिस्सों में बांटने के प्रस्ताव पर भी विचार हो सकता है। फिलहाल प्रदेश में 11 विभाग बताए गए हैं। प्रस्ताव के तहत रायपुर में छह और बिलासपुर में पांच विभाग रखने की चर्चा है। हालांकि, इस बदलाव पर अंतिम निर्णय की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
युवाओं को जोड़ने पर भी जोर
दौरे के दौरान युवाओं को संगठन और सामाजिक गतिविधियों से जोड़ने की रणनीति पर भी चर्चा होने की संभावना है। ABVP और BJYM से जुड़े युवाओं को मार्गदर्शन दिए जाने की भी चर्चा है।
मोहन भागवत का यह दौरा संगठनात्मक समीक्षा के लिहाज से अहम माना जा रहा है। अब नजर शुक्रवार की बैठकों और उनमें होने वाले फैसलों पर रहेगी।
