CG WEATHER ALERT : Hot during the day, cold at night! How will the next three days be?
रायपुर, 22 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ में बारिश थमने के बाद मौसम का मिजाज बदल गया है। दिन में तेज धूप के कारण गर्मी महसूस हो रही है, वहीं रात होते ही ठंडक बढ़ने लगी है। दिन और रात के तापमान में करीब 11 डिग्री का अंतर लोगों को परेशान कर रहा है। इस बदलते मौसम के बीच सर्दी-खांसी जैसी मौसमी दिक्कतें भी बढ़ने लगी हैं।
अगले तीन दिन मौसम रहेगा ऐसा
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, अगले तीन दिनों तक प्रदेश में मौसम में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। फिलहाल बारिश के आसार कम हैं। इसके बाद पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बादलों की सक्रियता बढ़ सकती है। इससे न्यूनतम तापमान में गिरावट का सिलसिला थमने की संभावना है।
रायपुर में गर्मी, अंबिकापुर में ठंडक
बुधवार को राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 15.4 डिग्री सेल्सियस रहा। इससे साफ है कि प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में दिन और रात के मौसम का असर अलग-अलग दिखाई दे रहा है।
सेहत को लेकर रहें सतर्क
दिन में गर्मी और रात में ठंडक के कारण कपड़ों का चुनाव सोच-समझकर करें। पर्याप्त पानी पिएं और सुबह-शाम ठंड से बचाव रखें। सर्दी-खांसी या दूसरी परेशानी लंबे समय तक बनी रहे, तो डॉक्टर से सलाह लें।
फिलहाल राहत की बात यह है कि अगले तीन दिनों तक मौसम में बड़े बदलाव के आसार नहीं हैं। हालांकि, पश्चिमी विक्षोभ के असर से आगे तापमान का मिजाज बदल सकता है।
