Major infiltration bid foiled along LoC, terrorists flee after heavy shelling by Indian Army
राजौरी: जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में नियंत्रण रेखा पर भारतीय सेना ने मंगलवार तड़के आतंकवादियों की घुसपैठ की एक बड़ी साजिश को विफल कर दिया। सतर्क जवानों ने संदिग्ध गतिविधि देखते ही मोर्चा संभाला, जिसके बाद इलाके में भारी गोलाबारी हुई।
तड़के 4:15 बजे हलचल हुई तेज
रक्षा अधिकारियों के अनुसार, यह घटना आज सुबह करीब 4:15 बजे राजौरी के तुरकंडी फॉरवर्ड एरिया में हुई। एलओसी की रखवाली कर रहे सैन्य टुकड़ियों ने देखा कि कुछ संदिग्ध व्यक्ति अंधेरे का फायदा उठाकर सीमा पार से इस तरफ घुसने की कोशिश कर रहे हैं।
सर्च ऑपरेशन जारी
संदिग्धों के देखे जाने के तुरंत बाद, भारतीय सेना ने उन पर सटीक और प्रभावी गोलाबारी शुरू कर दी। सेना के कड़े जवाब के बाद आतंकी वापस भागने पर मजबूर हो गए। घटना के तुरंत बाद इलाके में अतिरिक्त कुमुक भेज दी गई है और पूरे क्षेत्र को घेरकर बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
सतर्कता का स्तर बढ़ा
इससे पहले 19-20 फरवरी को भी राजौरी के सुंदरबनी सेक्टर में घुसपैठ की एक कोशिश नाकाम की गई थी, जिसमें भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद हुए थे। हालिया घटनाक्रम को देखते हुए राजौरी और आसपास के सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा बलों को हाई अलर्ट पर रखा गया है।

