रायपुर डेस्क। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में आतंकियों ने छत्तीसगढ़ के मजदूरों को निशाना बनाते हुए बड़ी वारदात को अंजाम दिया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आतंकियों ने पहले मजदूरों की पहचान और नाम पूछा, फिर उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हमले में दो मजदूरों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल है और उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
मृतकों की पहचान दीपक रात्रे और भूपेंद्र के रूप में हुई है। दोनों छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार और सक्ती जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं। घटना के बाद सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर आतंकियों की तलाश में बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस हमले को कायराना करार देते हुए गहरा दुख जताया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जम्मू-कश्मीर प्रशासन के लगातार संपर्क में है और पीड़ित परिवारों को हरसंभव मदद उपलब्ध कराई जाएगी। घायल मजदूर के बेहतर इलाज के भी निर्देश दिए गए हैं।
