Koriya Murder Case: CBI steps in; Congress raises questions!
KORIYA MURDER CASE: छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले के नौगई गांव में भाजपा के वरिष्ठ नेता और व्यवसायी भरत सिंह उर्फ लल्ला सिंह समेत तीन लोगों की नृशंस हत्या के मामले में राज्य सरकार ने केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) से जांच कराने की मंजूरी दे दी है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सरकार ने मामले की गंभीरता और पीड़ित परिवार की मांग को देखते हुए यह फैसला लिया है।
वहीं, कांग्रेस ने सरकार के इस निर्णय पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार को अपनी ही पुलिस की जांच पर भरोसा नहीं है।
16 जून की रात कोरिया जिले के नौगई गांव में रेत तस्करी को लेकर विवाद ने हिंसक रूप ले लिया था। आरोपियों ने फॉर्च्यूनर वाहन में पेट्रोल डालकर आग लगा दी। उस समय वाहन में एक ही परिवार के पांच सदस्य सवार थे।
इस मामले में पुलिस अब तक 12 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।
राज्य सरकार का कहना है कि पीड़ित परिवार लगातार CBI जांच की मांग कर रहा था। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सरकार ने CBI जांच की अनुशंसा को मंजूरी दे दी है, ताकि निष्पक्ष और व्यापक जांच हो सके।
CBI जांच के फैसले को लेकर कांग्रेस ने आरोप लगाया कि सरकार को अपनी ही पुलिस की जांच पर भरोसा नहीं है, इसलिए मामला CBI को सौंपा गया है।
वहीं सरकार ने कांग्रेस पर पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस शासनकाल में प्रदेश में CBI के प्रवेश पर रोक लगा दी गई थी।
सरकार का कहना है कि CBI देश की सबसे महत्वपूर्ण जांच एजेंसियों में से एक है और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
