KHABAR CHALISA SUNDAY SPECIAL तिरछी नजर : निगम आयुक्त के खिलाफ गुस्सा

Date:

- Advertisement -
RADA Auto Expo Portal

मेयर मीनल चौबे और निगम आयुक्त संबित मिश्रा के बीच तालमेल नहीं बैठ पा रहा है। मेयर चाहती हैं कि रायपुर की सफाई व्यवस्था बेहतर हो, लेकिन प्रशासनिक लचरता के चलते शहर में जगह-जगह गंदगी का आलम है। चर्चा है कि निगम आयुक्त अब तक सफाई व्यवस्था का निरीक्षण करने भी नहीं निकले हैं।

संबित मिश्रा पहले बीजापुर कलेक्टर रह चुके हैं। कहा जा रहा है कि वे निगम आयुक्त के पद पर रहने के इच्छुक नहीं हैं और खुद भी इस पद से हटना चाहते हैं। दूसरी ओर, मेयर की भी इच्छा है कि निगम आयुक्त का तबादला हो जाए। ऐसे में आगामी तबादला सूची में संबित मिश्रा का नाम शामिल होने की चर्चा है। वाकई ऐसा होगा या नहीं, यह सूची जारी होने के बाद ही पता चलेगा।

पीएससी चेयरमैन की दौड़ में कांवरे! जांच के घेरे में भी..

रिटायर्ड आईएएस महादेव कांवरे का नाम पीएससी चेयरमैन पद के लिए प्रमुखता से उछल रहा है। हालांकि, उनकी नियुक्ति की संभावना कम बताई जा रही है। कुछ लोगों का तो यहां तक कहना है कि कांवरे का नाम जानबूझकर उछाला गया है, जबकि सरकार भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत उनके खिलाफ कार्रवाई की अनुमति दे चुकी है।

महादेव कांवरे वर्ष 2023 में आबकारी आयुक्त और विशेष सचिव के पद पर रहे हैं। आबकारी विभाग के कई छोटे-बड़े अफसरों के खिलाफ जांच चल रही है। इस घोटाले में कांवरे की भूमिका को लेकर भी चर्चा होती रही है।
सरकार पीएससी चेयरमैन के लिए साफ-सुथरी छवि और सख्त मिजाज वाले अफसर की तलाश में है। ऐसे में कांवरे इस कसौटी पर फिट बैठते नजर नहीं आते। स्वाभाविक है कि चेयरमैन पद के लिए कुछ नए नाम सामने आ सकते हैं। अब देखना है कि सरकार किस पर भरोसा जताती है।

शराब घोटाले की सुनवाई में लग सकता है एक दशक!

शराब घोटाले की जांच केंद्र और राज्य की एजेंसियां कर रही हैं। रोज नए-नए खुलासे हो रहे हैं। पहले के कुछ आरोपी राहत पा चुके हैं, तो नए लोग जांच एजेंसियों के घेरे में आ रहे हैं। घोटाले की रकम करीब 3400 करोड़ रुपये होने का दावा किया जा रहा है।
दिलचस्प बात यह है कि इस मामले में अब तक 11 पूरक चालान पेश हो चुके हैं और करीब एक हजार गवाह हैं। प्रकरण के एक आरोपी का कहना है कि सुनवाई पूरी होने और फैसला आने में एक दशक तक लग सकता है। यानी घोटाले की जांच और अदालती कार्यवाही अभी लंबी चलने वाली है।

इसकी एक वजह समझने के लिए नागरिक आपूर्ति निगम (नान) घोटाले का उदाहरण सामने है। नान मामले में सुप्रीम कोर्ट ने जिला अदालत को तीन महीने के भीतर सुनवाई पूरी करने के निर्देश दिए थे, लेकिन आदेश को चार साल से अधिक हो चुके हैं और गवाही अब तक पूरी नहीं हुई है। जबकि इस घोटाले को सामने आए करीब 11 साल हो चुके हैं। नान मामले में लगभग 200 गवाह हैं, जबकि शराब घोटाले में इनकी संख्या करीब एक हजार बताई जा रही है। ऐसे में सुनवाई पूरी होने में कितना वक्त लगेगा, इसका अंदाजा लगाया जा सकता है। फिलहाल इतना तय है कि शराब घोटाले की खबरें लंबे समय तक सुर्खियां बटोरती रहेंगी।

यूपी चुनाव तक कैबिनेट में फेरबदल नहीं!

नगरीय निकाय चुनाव निपटते ही प्रदेश सरकार के मंत्री, भाजपा नेता, निगम-मंडलों के पदाधिकारी और दूसरे प्रमुख नेता उत्तर प्रदेश का रुख करेंगे। भाजपा ने छत्तीसगढ़ के नेताओं को यूपी चुनाव में जिम्मेदारी देने की तैयारी कर ली है। ऐसे में मार्च-अप्रैल तक प्रदेश की कैबिनेट में फेरबदल की संभावना नजर नहीं आ रही है। जाहिर है, तब तक मंत्री पद की आस लगाए बैठे नेताओं को इंतजार करना पड़ सकता है।

प्रदेश भाजपा महामंत्री (संगठन) कर्मवीर सिंह को उत्तर प्रदेश में जिम्मेदारी दी जा चुकी है। वे एक दिसंबर को रायपुर आ रहे हैं। यहां से नेताओं की चुनावी ड्यूटी तय की जा रही है। सरगुजा संभाग के नेताओं को उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती जिलों में भेजने की तैयारी है। जनवरी के पहले सप्ताह तक ज्यादातर नेता प्रचार अभियान में जुट चुके होंगे। यही नहीं, महिला मोर्चा की 60 पदाधिकारियों की भी वहां ड्यूटी लगाई जा चुकी है। अब देखना है कि छत्तीसगढ़ के नेता यूपी में जाकर क्या कमाल दिखाते हैं।

बिल से बिल-बिला उठे नेता…

महिला आरक्षण और परिसीमन विधेयक की चर्चा ने राजनीतिक दलों में आगामी चुनावों की रणनीति को लेकर हलचल तेज कर दी है। प्रधानमंत्री मोदी ने हर हाल में परिसीमन विधेयक लाने की घोषणा कर भावी सांसदों और विधायकी के दावेदारों की उम्मीदें जगा दी हैं। वहीं, वर्तमान विधायकों की चिंता बढ़ गई है। लोकसभा के बाद विधानसभा सीटों के परिसीमन की संभावनाओं को देखते हुए कई विधायकों ने अपने क्षेत्र के दौरों पर भी ब्रेक लगा दिया है। जिन विधायकों को अगली बार टिकट कटने का डर सता रहा था, उन्हें परिसीमन की घोषणा से फिलहाल राहत मिलती दिख रही है। छत्तीसगढ़ विधानसभा की सीटें 90 से बढ़कर 135 होने की चर्चा है। ऐसे में राजनीतिक दलों को नए प्रत्याशी तलाशने में भी पसीना आ सकता है। 33 प्रतिशत महिला आरक्षण के साथ सीटों के आरक्षण में भी फेरबदल की संभावना है। अब किसकी सीट बचेगी और किसकी कुर्सी खिसकेगी, इसे लेकर राजनीतिक गलियारों में गुणा-भाग शुरू हो गया है। यानी बिल आने की चर्चा से ही कई नेता बिल-बिला उठे हैं।

विरोधी भी पस्त होने लगे हैं…

सरकार के खिलाफ मुखर रहने वाले और मंत्रिमंडल में जगह पाने की उम्मीद लगाए बैठे भाजपा नेताओं और विधायकों को अब लगने लगा है कि चुनाव तक मौजूदा चेहरे ही सरकार चलाएंगे। लिहाजा, विरोध के तेवर धीरे-धीरे नरम पड़ने लगे हैं। ऐसे नेता अब पार्टी संगठन को मजबूत करने में ज्यादा ध्यान देने लगे हैं। मंत्रिमंडल में जगह पाने और पार्टी में अपनी स्थिति मजबूत करने के लिए दिल्ली तक दौड़ लगाने वाले चेहरे भी अब अपने मौजूदा दायित्वों को बेहतर ढंग से निभाने में जुट गए हैं। बताया जाता है कि पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को भी इन गतिविधियों की भनक है। वहां से अपेक्षित तवज्जो नहीं मिलने के बाद कुछ नेताओं ने अपनी रणनीति बदल ली है। अब विरोध की राजनीति छोड़ संगठन में सक्रियता दिखाने में ही भलाई समझ रहे हैं। आखिर राजनीति में कब कौन-सा दरवाजा खुल जाए, इसकी उम्मीद तो बनाए रखनी ही पड़ती है।

 

- Advertisement -
RADA Auto Expo Portal

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img
spot_imgspot_img

#Crime Updates

More like this
Related