CHHATTISGARH : Fell in love in Netherlands, got married in Chhattisgarh!
जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के पामगढ़ क्षेत्र के भुईगांव की रहने वाली क्रिस्टीना नथेनियल (25) ने नीदरलैंड के शिप कैप्टन क्रिस्टीयान एन्ड्रीयश वरबूम (32) से शादी कर ली है। संगीत सीखने विदेश गई क्रिस्टीना की मुलाकात वहां क्रिस्टीयान से हुई। संगीत के शौक से शुरू हुई दोस्ती प्यार में बदली और दोनों ने जीवनसाथी बनने का फैसला किया।
संगीत सीखने गईं, वहीं मिला जीवनसाथी
क्रिस्टीना के पिता हनोक नथेनियल के मुताबिक, उनकी बेटी ने पामगढ़ में 12वीं तक पढ़ाई की थी। इसके बाद साल 2024 में वह संगीत सीखने नीदरलैंड गईं। वहीं उनकी मुलाकात क्रिस्टीयान से हुई, जो पेशे से शिप कैप्टन हैं और उन्हें भी संगीत में रुचि है।
परिवार के अनुसार, दोनों ने शादी भारत में करने का फैसला लिया। इसके बाद जांजगीर-चांपा में विवाह की कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई।
16 अक्टूबर को हुई कोर्ट मैरिज
16 अक्टूबर 2026 को दोनों अपर कलेक्टर और विवाह अधिकारी प्रमोद कुमार गुप्ता के सामने उपस्थित हुए। तीन गवाहों की मौजूदगी में विवाह की निर्धारित प्रक्रिया पूरी की गई। इसके बाद दोनों को मैरिज सर्टिफिकेट जारी किया गया। क्रिस्टीना के पिता हनोक नथेनियल भी गवाहों में शामिल रहे।
क्रिस्टीयान नीदरलैंड के रिंगेपल शहर में रहते हैं। उनके पिता विलेम डीर्क वरबूम शिप के मालिक बताए गए हैं।
क्रिस्टीना के परिवार की जड़ें उत्तर प्रदेश से जुड़ी हैं। करीब 17-18 साल पहले उनका परिवार भुईगांव आकर बस गया था। अब गांव की बेटी की विदेशी युवक से शादी स्थानीय लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है।
