CHHATTISGARH : Displaced people surrounded the MLA and said, now we want an account!
बिलासपुर। शहर के तिलक नगर में विस्थापित परिवारों का गुस्सा एक बार फिर सामने आया। नगर विधायक अमर अग्रवाल जब श्रीराम मंदिर में रघुनंदन सभागृह के लोकार्पण कार्यक्रम में पहुंचे, तो प्रभावित परिवारों, जिनमें बड़ी संख्या में महिलाएं थीं, ने उन्हें घेरकर पुनर्वास की मांग उठाई।
6 साल बाद भी मकानों का इंतजार
प्रभावितों के मुताबिक, श्रीराम मंदिर के पीछे नदी किनारे रहने वाले करीब 300 परिवारों को लगभग छह साल पहले कोरोना काल में भारी बारिश के दौरान हटाया गया था। उस समय प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान बनाकर देने का भरोसा दिया गया था। परिवारों का आरोप है कि इतने साल बीतने के बाद भी उन्हें ठोस राहत नहीं मिली।
रहवासियों का कहना है कि बार-बार मुलाकात के बावजूद उन्हें टेंडर और फंड की प्रक्रिया का हवाला दिया जा रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब जमीन का चयन और नक्शा ही स्पष्ट नहीं है, तो मकान निर्माण कब शुरू होगा?
जर्जर मकानों से भी परेशानी
स्थानीय निवासी अंकुश ठाकुर के मुताबिक, पुनर्वास के लिए उपलब्ध कराए गए कुछ मकान जर्जर हालत में हैं और बारिश में पानी भरने जैसी समस्याएं आती हैं। क्षेत्र में नशे के बढ़ते चलन को लेकर भी परिवारों ने चिंता जताई है।
वहीं, अनिता यादव ने चेतावनी दी कि मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो प्रभावित परिवार संबंधित जगह पर तंबू लगाकर धरना देंगे। परिवारों का कहना है कि अब उन्हें सिर्फ आश्वासन नहीं, बल्कि पुनर्वास की स्पष्ट योजना और समयसीमा चाहिए।
फिलहाल, प्रभावितों की मांग पर विधायक या प्रशासन की ओर से ठोस निर्णय की जानकारी सामने नहीं आई है।
