FIR on Rahul Gandhi: FIR registered against Rahul Gandhi; complaint filed by a Dalit individual.
FIR ON RAHUL GANDHI: उत्तराखंड के हल्द्वानी में ‘शुद्धिकरण यज्ञ’ को लेकर शुरू हुआ राजनीतिक विवाद अब कानूनी मोड़ ले चुका है।
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के खिलाफ रविवार को BNS और SC/ST एक्ट की कई धाराओं में FIR दर्ज की गई है ।
राहुल गांधी ने नई दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से हल्द्वानी के रामलीला मैदान में हुए ‘शुद्धिकरण हवन’ को लेकर कार्रवाई की मांग की थी।
यह हवन कांग्रेस अध्यक्ष और दलित नेता मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली के कुछ दिन बाद आयोजित किया गया था।
राहुल गांधी ने इस आयोजन को ‘अपराध’ बताते हुए कहा कि यह पूरे देश में दलितों के साथ होने वाले ‘छुआछूत’ को दिखाता है और ‘बीजेपी-आरएसएस की मानसिकता’ को उजागर करता है। उन्होंने दोहराया कि कांग्रेस की मांग है कि हल्द्वानी में हुए इस आयोजन के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ एससी/एसटी एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की जाए।
मिली जानकारी के अनुसार राहुल गांधी के खिलाफ यह FIR हल्द्वानी की जवाहर नगर कॉलोनी के निवासी अमित कुमार की शिकायत पर दर्ज की गई है।
अपनी शिकायत में 26 वर्षीय अमित कुमार ने कहा कि 11 अगस्त को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में हुए ‘सफाई अभियान और धार्मिक अनुष्ठान’ में उन्होंने और अनुसूचित जाति समुदाय के अन्य लोगों ने भी हिस्सा लिया था। उनके मुताबिक, इस आयोजन का किसी व्यक्ति या जाति से कोई संबंध नहीं था।
कुमार ने कहा कि वह खुद वाल्मीकि समुदाय से हैं लेकिन राहुल गांधी के बयान के बाद उन्हें ऐसे व्यक्ति के रूप में पेश किया गया जो छुआछूत को बढ़ावा देता है और दलित विरोधी है। उनका दावा है कि इन आरोपों के बाद अलग-अलग समुदायों के बीच तनाव और दुश्मनी बढ़ गई है।
