ELECTION 2022: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कल लोगों को आगाह किया कि वे पंजाब विधानसभा चुनाव में किसी भी तरह का ‘प्रयोग’ नहीं करें. साथ ही उन्होंने कहा कि राज्य के लिए शांति कायम रखना सबसे अधिक महत्वपूर्ण है और ऐसा करने में सिर्फ उनकी पार्टी ही सक्षम है. वह होशियारपुर में एक चुनावी रैली को संबोधित कर रहे थे. उन्होंने जोर दिया कि उनकी पार्टी पंजाब को भलीभांति समझती है और इसे आगे ले जा सकती है. उन्होंने बेरोजगारी को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि वह अपने चुनावी भाषणों में इस पर और काले धन के मुद्दे पर बात नहीं करते हैं.पांच राज्यों में दो राज्यों उत्तराखंड और गोवा में विधानसभा चुनाव संपन्न हो चुके हैं और यहां पर अब 10 मार्च का इंतजार किया जा रहा है जिस दिन मतगणना होगी. लेकिन उत्तर प्रदेश में अभी 5 चरणों के चुनाव बाकी हैं और यहां पर जोरदार प्रचार जारी है. पंजाब और मणिपुर में भी चुनाव प्रचार अपने जोरों पर है. आज भी कई बड़ी चुनावी जनसभाएं हैं. इस बीच उत्तराखंड की बीजेपी इकाई में लड़ाई खुलकर सामने आ गई है. चुनाव से जुड़ी हर छोटी-बड़ी खबरों के लिए पेज को लगातार रिफ्रेश करते रहें.पुलिस ने बताया कि पंजाब के लुधियाना जिले के अतंर्गत गिल विधानसभा सीट से प्रत्याशी सुच्चा राम लाढर पर हुए हमले के मामले में किसान संगठन के नेता सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है. लाढर की कार पर रविवार शाम को हमला किया गया था जिसमें वह घायल हो गए थे और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था. हमला उस समय किया गया जब 63 वर्षीय पूर्व आईएएस अधिकारी अपने निर्वाचन क्षेत्र के एक गांव से चुनाव प्रचार कर लौट रहे थे. लुधियाना पुलिस ने किसान यूनियन एकता (उगराहां) के सर्किल प्रमुख जगविंदर सिंह राजू और लवजीत सिंह और 20 अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है. पुलिस ने बताया कि राजू और लवजीत सिंह को गिरफ्तार किया जा चुका है.

