DELHI PROTEST : Mamata Banerjee and Kejriwal detained.
नई दिल्ली। दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन के बीच कई बड़े नेताओं को हिरासत में लिए जाने के दावे सामने आए हैं। पूर्व सांसद साकेत गोखले ने दावा किया कि दिल्ली पुलिस और CRPF ने पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी समेत तृणमूल कांग्रेस के पांच अन्य नेताओं को उनके आवास के बाहर से हिरासत में लिया।
कैदी वाहन में ले जाने का दावा
साकेत गोखले के मुताबिक, ममता बनर्जी और अन्य नेताओं को कैदी वाहन में बैठाकर किसी अज्ञात स्थान पर ले जाया गया। उन्होंने इस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए इसे लोकतंत्र के लिए गंभीर स्थिति बताया। हालांकि, इस दावे पर पुलिस की आधिकारिक पुष्टि सामने आना बाकी है।
केजरीवाल समेत AAP नेताओं पर भी कार्रवाई
इसी प्रदर्शन के बीच आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, सांसद संजय सिंह, सौरभ भारद्वाज समेत कई आप नेताओं को भी हिरासत में लिए जाने की जानकारी सामने आई है। ये नेता जंतर-मंतर की ओर जा रहे थे।
प्रदर्शन का मुद्दा मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) से जुड़ी कथित गड़बड़ियां बताया जा रहा है।
बीजेपी ने प्रदर्शन पर साधा निशाना
बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने प्रदर्शनकारियों पर राजधानी का माहौल बिगाड़ने और हिंसा भड़काने की कोशिश करने का आरोप लगाया। उन्होंने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि दोनों दल इस अभियान का श्रेय लेने की कोशिश कर रहे हैं।
फिलहाल हिरासत में लिए गए नेताओं की स्थिति और पुलिस की कार्रवाई को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।
